फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: सीवान में क्लासरूम में सोते दिखे बीपीएससी शिक्षक, तस्वीरें वायरल होने पर शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच

Sat, 28 Nov 2026 06:40 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीवान

सार

सीवान के महाराजगंज प्रखंड स्थित प्रैक्टिकल उच्च विद्यालय, सिकटिया के शिक्षक अमित कुमार की क्लासरूम में सोते हुए तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर कार्रवाई होगी।

विज्ञापन
सोते दिखे शिक्षक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सीवान जिले के महाराजगंज प्रखंड स्थित प्रैक्टिकल उच्च विद्यालय, सिकटिया के एक शिक्षक की क्लासरूम में सोते हुए तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वायरल तस्वीरों में शिक्षक कभी कुर्सी पर आराम करते तो कभी बेंच पर लेटकर सोते नजर आ रहे हैं। तस्वीरें सामने आने के बाद विद्यालय की व्यवस्था और शिक्षक की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।

वायरल तस्वीरों में दिख रहे शिक्षक की पहचान अमित कुमार के रूप में बताई जा रही है। वह बीपीएससी से नियुक्त शिक्षक बताए जाते हैं। तस्वीरों में उन्हें विद्यालय के क्लासरूम में कुर्सी और बेंच पर सोते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, वायरल तस्वीरों और वीडियो की वास्तविकता, उनके समय और पूरे घटनाक्रम की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों के बीच भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज है। लोगों का कहना है कि सरकारी विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना शिक्षकों की जिम्मेदारी है। ऐसे में यदि कोई शिक्षक ड्यूटी के दौरान सोता हुआ पाया जाता है, तो यह गंभीर मामला है। शिक्षक की जिम्मेदारी केवल विद्यालय पहुंचकर उपस्थिति दर्ज कराना नहीं, बल्कि निर्धारित समय तक बच्चों को पढ़ाना और शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करना भी है।

शिक्षा विभाग ने लिया संज्ञान, जांच के बाद होगी कार्रवाई

विज्ञापन

वायरल तस्वीरों के संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से फोन पर बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। वायरल तस्वीरें उन्हें भी प्राप्त हुई हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के इस बयान के बाद अब शिक्षा विभाग की जांच पर सबकी नजरें टिकी हैं। जांच के दौरान यह स्पष्ट किया जाएगा कि तस्वीरें कब की हैं और शिक्षक किन परिस्थितियों में क्लासरूम में सोते हुए दिखाई दे रहे हैं।

जांच रिपोर्ट का इंतजार
बिहार में सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और शिक्षकों की जवाबदेही तय करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में सिकटिया विद्यालय से जुड़ी इन वायरल तस्वीरों ने एक बार फिर सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की जिम्मेदारी और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग की जांच में क्या सच्चाई सामने आती है और संबंधित शिक्षक के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें