भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के लाइव कार्यक्रम से अक्सर हंगामे की खबर आती हैं। ऐसा ही नजारा बिहार के नवादा में देखने को मिला, मंगलवार यहां खेसारी के कार्यक्रम में लोगों ने जमकर कुर्सियां तोड़ी और लोगों से मारपीट की जिससे कार्यक्रम में अव्यवस्था फैल गई और भगदड़ मच गई। दरअसल, खेसारी लाल नवादा के रजौली में छठ पर्व के अवसर पर कार्यक्रम में प्रस्तुति देने आए थे।
आयोजकों के सभी इंतजाम पूरी तरह से हो गए फेल
खेसारी लाल को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग जुटने लगे, भीड़ इतनी बढ़ गई कि आयोजकों के सभी इंतजाम पूरी तरह से फेल हो गए। कार्यक्रम देर रात शुरू हुआ और ज्यादा देर तक नहीं चल पाया, देखते ही देखते अफरा-तफरी का माहौल हो गया। भीड़ को नियंत्रण करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा। इसके बाद कार्यक्रम पूरी तरह से बंद कर दिया गया। आयोजक भीड़ को शांत करने की कोशिश करते रहे लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ।
मच गई भगदड़
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खेसारी का कार्यक्रम देखने के लिए बड़े नेता भी आए थे। इस दौरान राजनीतिक भाषणबाजी भी खूब हुई। नेताओं के भाषणों के चलते कार्यक्रम में काफी देर हो गई। जिससे कार्यक्रम देखने आए दर्शकों का पारा चर्म पर पहुंच गया। राजनैतिक भाषणबाजी और कुव्यवस्था से नाराज लोगों ने जमकर तोड़फोड़ की। कार्यक्रम में बैठने के लिए लगाई गई कुर्सियों को तोड़ डाला। अफरातफरी के बीच स्थानीय नेताओं के लिए बना मंच टूट गया। जिसके बाद भगदड़ मच गया। लोगों ने इधर उधर भाग कर अपनी जान बचाई वहीं कई लोगों के मोबाइल भी गिर गए।
कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री सुरेंद्र यादव ने किया था
इससे पहले सूबे के सहकारिता मंत्री सह बेलागंज विधायक सुरेंद्र यादव, रजौली के राजद विधायक प्रकाशवीर, एमएलसी अशोक यादव ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन किया।