बिहार में राजद-कांग्रेस व लोजपा ने रूपेश हत्याकांड की जांच सीबीआई ने कराने की मांग की है। रूपेश हत्याकांड को लेकर जहां पूरी तरह से सियासी बवाल मचा हुआ है। वहीं बिहार के डीजीपी एसके सिंघल ने दावा किया है कि पुलिस इस हत्याकांड के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही गिरफ्तारी होगी।
सीएम नीतीश कुमार ने भी इस केस की जांच के बारे में पूरी जानकारी ली है। उन्होंने कहा कि पुलिस रूपेश हत्याकांड की जांच लगभग पूरी कर चुकी है, जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया जाएगा।
लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार सरकार से मांग की है कि इंडिगो स्टेशन मैनेजर रूपेश कुमार सिंह हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने के लिए वह केंद्र सरकार को सिफारिश करें। साथ ही, रूपेश के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दें और उन्हें सुरक्षा भी मुहैया कराएं।
वहीं, मंगलवार को बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा रूपेश सिंह के परिजनों से उनके आवास पर मिले। झा ने इस घटना में शामिल अपराधियों की पहचान नहीं होने पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच सीबीआई से कराई जाए। ब्यूरो