बिहार के सीतामढ़ी जिले के नानपुर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में 17
वर्षीय एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक रायपुर गांव की 17 वर्षीय बच्ची जब कल रात शौच के लिए जा रही थी तभी गांव के मुखिया आशा चौधरी के पुत्र रिषिकेश कुमार और उसके सहयोगी विजय भगत ने बच्ची को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठा लिया और उसे रायपुर बाजार स्थित एक मोबाइल दुकान में ले गए।
पुलिस के अनुसार दोनों युवकों ने रात भर लड़की के साथ दुष्कर्म किया और सुबह उसे वे उसके घर के पास छोड़ कर फरार हो गेए।
सूत्रों ने बताया कि घर पहुंचने पर पीड़िता ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी जिसके बाद संबंधित थाना में दोनों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गई। बच्ची को मेडिकल जांच के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेजा गया है।
इस बीच घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने गांव के निकट सड़क मार्ग को जाम करने के बाद रायपुर बाजार को बंद करा दिया।