पूर्णिया में लगातार आर्थिक तंगी और भारी कर्ज के बोझ से हताश एक टेंट संचालक ने टेंट हाउस के अंदर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने न केवल मृतक के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि पूरे बालूघाट चौक इलाके को स्तब्ध कर दिया है।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम पूर्णिया जीएमसीएच पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। घटना के नगर थाना क्षेत्र के बालूघाट के पास की है। मृतक की पहचान विष्णु देव कुमार दास (उम्र 32 वर्ष) के रूप में की गई है, जो बालूघाट चौक निवासी मनेंद्र चंद्र दास के पुत्र थे और अपनी पत्नी संपा दास तथा एक दो वर्षीय मासूम बेटे के साथ रहते थे।
मृतक की पत्नी संपा दास ने बिलखते हुए बताया कि उनके पति भगवती टेंट हाउस का संचालन करते थे। पिछले कुछ समय से उनका कारोबार लगातार घाटे में चल रहा था, जिसके कारण उन पर भारी कर्ज हो गया था। यह कर्ज इतना बड़ा हो गया था कि वह अपने कर्मचारियों को भी समय पर भुगतान नहीं कर पा रहे थे। कर्ज के कारण वह रात-रात भर सो नहीं पाते थे और हमेशा गहरे मानसिक तनाव में रहते थे। बुधवार की सुबह लगभग 8:30 बजे विष्णु देव कुमार दास रोज की तरह घर से अपने टेंट हाउस के लिए निकले थे। कुछ देर बाद जब टेंट हाउस के स्टाफ वहां पहुंचे, तो उन्होंने विष्णु देव कुमार दास को अंदर फांसी के फंदे पर झूलते देखा। स्टाफ ने तुरंत शोर मचाना शुरू किया, जिसके बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पढ़ें: समस्तीपुर में लैब संचालक की हत्या से लोग आक्रोशित, सड़क को कर दिया जाम
आनन-फानन में फंदे से उतारकर उन्हें तुरंत इलाज के लिए पूर्णिया के जीएमसीएच ले जाया गया। हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जीएमसीएच में डॉक्टरों ने जांच-पड़ताल के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी संपा दास अस्पताल में बेसुध होकर दहाड़ मारकर रोने लगीं, जिससे वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गई। घटना की सूचना मिलने पर केनगर थाना की अवर निरीक्षक नेहा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम पूर्णिया जीएमसीएच पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। वहीं केनगर थानाध्यक्ष मुन्ना पटेल ने टेंट संचालक द्वारा आर्थिक परेशानियों के चलते फांसी लगाने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम पूर्णिया जीएमसीएच में जांच कर रही है और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस परिवार और स्टाफ से बयान लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।