फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: बिहार में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को मारी टक्कर, दो की मौत, तीन घायल

Sat, 30 May 2026 03:54 PM IST
पूर्णिया ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पूर्णिया

सार

पूर्णिया जिले के सरसी थाना क्षेत्र में फुचयाही पुल और बुढ़िया गोला कॉलेज के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सवारियों से भरी टेंपो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में जदयू वार्ड अध्यक्ष की बेटी कृष्णा कुमारी मंडल और इंटर पास छात्र प्रिंस कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
शोकाकुल परिजन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्णिया जिले में सरसी थाना क्षेत्र के बख्तियारपुर स्थित फुचयाही पुल और बुढ़िया गोला कॉलेज के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार ट्रक ने सवारियों से भरी टेंपो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में जदयू वार्ड अध्यक्ष की बेटी (लैब टेक्नीशियन) और एक इंटर पास छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज पूर्णिया जीएमसीएच में जारी है।

मृतकों की पहचान हुई, परिवारों में कोहराम

हादसे में मृतकों की पहचान सरसी के बुढ़िया गोला निवासी सह जदयू वार्ड अध्यक्ष गमक लाल मंडल की 22 वर्षीय पुत्री कृष्णा कुमारी मंडल और के.नगर थाना क्षेत्र निवासी अशोक मिश्र के 18 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कैसे हुआ हादसा, चश्मदीदों ने बताया पूरा मामला

स्थानीय चश्मदीदों के अनुसार, एक टेंपो में लगभग 6 सवारियां बैठकर सरसी की ओर से आ रहा था। इसी दौरान रानीगंज की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक के सामने टेंपो चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। रफ्तार अधिक होने के कारण टेंपो सीधे सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी भयानक थी कि कुछ ही सेकंड में टेंपो पूरी तरह पिचक गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

भाग रहे ट्रक चालक को ग्रामीणों ने पकड़ा

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे घेर लिया और पकड़ लिया। इसके बाद उसे मौके पर पहुंची सरसी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

बेटे और बेटी की मौत से परिवारों में मातम

प्रिंस कुमार के पिता ने बताया कि उनका बेटा इसी साल अच्छे अंकों से इंटर पास हुआ था और अपने भाई के साथ बुढ़िया गोला कॉलेज में आगे की पढ़ाई के लिए नामांकन कराने घर से निकला था। परिवार को उम्मीद थी कि वह आगे बढ़कर नाम रोशन करेगा, लेकिन कॉलेज पहुंचने से पहले ही हादसे में उसकी जान चली गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

आत्मनिर्भर बनने का सपना भी टूटा

वहीं कृष्णा कुमारी मंडल के पिता गमक लाल मंडल ने रोते हुए बताया कि उनकी बेटी ने लैब टेक्नीशियन की पढ़ाई पूरी कर ली थी। आत्मनिर्भर बनने के सपने के साथ उसने करीब एक महीने पहले बुढ़िया गोला स्थित मदरसा चौक पर अपनी पैथोलॉजी लैब शुरू की थी। वह रोज की तरह ऑटो से अपने लैब जा रही थी, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। सूचना मिलने के बाद जब पिता मौके पर पहुंचे तो बेटी का शव देखकर उनका दिल दहल गया।

तीन लोग गंभीर रूप से घायल, पुलिस जांच में जुटी

इस हादसे में बुढ़िया गोला निवासी रेखा देवी समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी का इलाज पूर्णिया जीएमसीएच में चल रहा है। सूचना मिलते ही सरसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक व टेंपो को जब्त कर लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया है और पूरे मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें