पूर्णिया के जानकीनगर में एनएच 107 पर तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों, राजेश और सुशील की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने 4 घंटे तक सड़क जाम रखा। पुलिस ने बस ज़ब्त कर जांच शुरू कर दी है।
पूर्णिया-सहरसा एनएच 107 पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। जानकीनगर थाना क्षेत्र के विनोबा ग्राम चौक के समीप एक अनियंत्रित यात्री बस ने बाइक सवार दो दोस्तों को इतनी बेरहमी से रौंदा कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर करीब चार घंटे तक एनएच जाम रखा, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
विज्ञापन
मृतकों की पहचान विनोबा ग्राम निवासी राजेश यादव (32 वर्ष) और सुशील राय (25 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, राजेश अपने दोस्त सुशील के साथ किसी जरूरी काम से मधेपुरा जिले के मुरलीगंज जा रहे थे। जैसे ही वे विनोबा ग्राम चौक के पास पहुँचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार यात्री बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि दोनों युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
टक्कर के बाद स्थानीय लोगों को जुटता देख, बस का चालक और खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। दो जवानों की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे और चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। चिलचिलाती धूप में करीब 4 घंटे तक एनएच-107 पर प्रदर्शन जारी रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर लगभग एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पेशे से ड्राइवर राजेश अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। वे ही परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। सुशील अभी अविवाहित थे और परदेस में एक बैटरी फैक्ट्री में काम करते थे। वे कुछ ही दिन पहले छुट्टियां बिताने घर आए थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
घटना की सूचना मिलते ही जानकीनगर थानाध्यक्ष परिलक्षित पासवान दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और काफी मशक्कत के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को ज़ब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।