प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 24 फरवरी को बिहार दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे पूर्णिया एयरपोर्ट पर लैंड करेंगे और फिर भागलपुर पहुंचकर किसान सम्मान कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली जीत के बाद यह उनका पहला बिहार दौरा होगा, जिसे लेकर एनडीए कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। इस कार्यक्रम की सफलता को लेकर एनडीए ने पूर्णिया में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक में जुटे एनडीए के दिग्गज नेता
स्थानीय टाउन हॉल में आयोजित इस बैठक में कृषि और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह और राज्यसभा सांसद संजय झा समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। बैठक में स्थानीय विधायक कृष्ण कुमार ऋषि और एनडीए जिलाध्यक्ष ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके बाद खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह के आवास पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें बिहार में पीएम मोदी के दौरे और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर चर्चा हुई।
पीएम मोदी के कार्यक्रम की सफलता के लिए जुटे कार्यकर्ता
प्रेस वार्ता के दौरान कृषि मंत्री मंगल पांडे ने बताया कि 27 साल बाद दिल्ली में बीजेपी की सत्ता में वापसी हुई है। अब पीएम मोदी पहली बार बिहार का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 24 फरवरी को भागलपुर में किसान सम्मान समारोह में शामिल होंगे और पीएम किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त जारी करेंगे।
इस योजना के तहत देश भर के नौ करोड़ 80 लाख किसानों को लाभ मिलेगा, जिसमें बिहार के 80 लाख किसान भी शामिल होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में भागलपुर पहुंचने की अपील की और बताया कि पूर्णिया से करीब 30,000 कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सांसद संजय झा ने बिहार चुनाव को लेकर दिया बड़ा बयान
राज्यसभा सांसद संजय झा ने पीएम मोदी के इस दौरे को बिहार विधानसभा चुनाव का आगाज बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद बिहार में भी एनडीए 225 सीटें जीतकर सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के सम्मान में ऐतिहासिक कार्यक्रम करने जा रहे हैं, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी उनके साथ मंच साझा करेंगे। इस दौरे से बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव आएगा और एनडीए को जबरदस्त बढ़त मिलेगी।