किशनगंज में NIA की बड़ी कार्रवाई
- फोटो : अमर उजाला
किशनगंज में शुक्रवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के पोठिया प्रखंड स्थित मिर्जापुर गांव में छापेमारी की। टीम ने एक घर में घंटों तक तलाशी अभियान चलाया और एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान मनोज रविदास के रूप में हुई है। वह मिर्जापुर पंचायत के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मनोज जनता हाट में चप्पल की दुकान चलाते हैं, जबकि उनके पिता लखन रविदास खेती-बाड़ी का काम करते हैं।
विदेशी संगठन से जुड़ाव की आशंका, ऑडियो मिला
सूत्रों के मुताबिक, NIA को इनपुट मिला था कि मनोज रविदास किसी विदेशी संगठन से जुड़े हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि इस मामले से जुड़ा एक ऑडियो भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान मौके पर NSG, STF और अन्य सुरक्षा बलों के जवान भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार, पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। NIA की टीम के साथ स्थानीय पुलिस बल भी तैनात रहा। जांच एजेंसियों ने घर के अंदर कई घंटों तक दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच की।
ये भी पढ़ें: प्रेमी के परिवार ने शादी से किया इनकार, गुस्से और जिद में टावर पर चढ़ी युवती, किया हाई वोल्टेज ड्रामा
NIA की ओर से आधिकारिक बयान नहीं
हालांकि इस पूरे मामले में NIA की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कार्रवाई के बाद NIA की टीम संदिग्ध को अपने साथ लेकर गांव से रवाना हो गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मनोज रविदास के खिलाफ किस मामले में जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। मामले की जांच जारी है।