Purnia News: पूर्णिया जिले के गुलाबबाग टीओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत गुलाबबाग जीरोमाइल के पास कथित तौर पर घात लगाए अपराधियों ने कसबा विधायक नितेश सिंह के निजी सहायक (पीए) और उनके सुरक्षाकर्मियों पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने विधायक के पीए की ब्लैक स्कॉर्पियो गाड़ी को जबरन रुकवाकर वारदात को अंजाम दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुए सभी लोगों का इलाज पूर्णिया जीएमसीएच में चल रहा है।
होटल से निकलते ही घेर ली स्कॉर्पियो
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात करीब 11 बजे विधायक के पीए साहिल कुमार अपने ड्राइवर के साथ मैंफेयर होटल से निकले थे। जैसे ही उनकी ब्लैक स्कॉर्पियो गुलाबबाग जीरोमाइल के पास पहुंची, वहां पहले से घात लगाए बैठे हथियारबंद हमलावरों ने गाड़ी को रुकवा लिया। इसके बाद आरोपियों ने साहिल कुमार और उनके साथ मौजूद लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
बाउंसर पहुंचे तो 50 से ज्यादा लोगों की भीड़ ने कर दिया हमला
घटना की सूचना मिलते ही पीए की सुरक्षा के लिए निजी बाउंसरों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। आरोप है कि इसके बावजूद हमलावर पीछे नहीं हटे। देखते ही देखते मौके पर 50 से अधिक लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद भीड़ और हमलावरों ने मिलकर विधायक के निजी बाउंसरों पर हमला कर दिया और उनकी जमकर पिटाई की।
यह भी पढ़ें:
भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा ने वापस लिया नाम, नए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा
'अभी तक नहीं मिली लिखित शिकायत'
घटना को लेकर जब सदर थाना पुलिस के सरकारी नंबर पर संपर्क किया गया, तो पुलिस ने जीरोमाइल क्षेत्र में मारपीट की घटना होने की पुष्टि की। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई लिखित आवेदन या शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस अस्पताल में घायलों की स्थिति पर नजर रखे हुए है और पूरे मामले की जांच में जुटी है।