फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोसी स्नातक चुनाव में 15 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला: 23 अक्तूबर को मतदान; 1.34 लाख मतदाता करेंगे फैसला

Fri, 09 Oct 2026 07:48 PM IST
पूर्णिया ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पूर्णिया

सार

बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 15 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। 23 अक्तूबर को मतदान और 27 अक्तूबर को मतगणना होगी। निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1,34,073 मतदाता पंजीकृत हैं।
विज्ञापन
प्रेस वार्ता करते प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार विधान परिषद के छह-कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 को पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए निर्वाचन प्रशासन ने सभी प्रशासनिक व सुरक्षा तैयारियां मुकम्मल कर ली हैं। पूर्णिया प्रमंडलीय आयुक्त सह निर्वाची पदाधिकारी प्रेम सिंह मीणा ने चुनावी तैयारियों की जानकारी दी।
विज्ञापन


प्रमंडलीय आयुक्त ने बताया कि नौ अक्तूबर को नामांकन वापसी की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद अब चुनाव मैदान में कुल 15 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। इनमें 14 पुरुष प्रत्याशी और एक महिला प्रत्याशी चुनावी समर में शामिल हैं। नाम वापसी की समयावधि पूरी होने के साथ ही अंतिम रूप से प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन कर दिया गया है।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार, 23 अक्तूबर को सुबह 08:00 बजे से लेकर शाम चार बजे तक मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। इसके पश्चात 27 अक्तूबर को मतों की गिनती की जाएगी। संपूर्ण कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के तहत कुल 1,34,073 मतदाता पंजीकृत हैं, जो अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
विज्ञापन


प्रशासन द्वारा मतदाताओं की सुविधा और निष्पक्ष मतदान के लिए क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 14 जिलों में कुल 163 मूल मतदान केंद्र और 18 सहायक मतदान केंद्र सहित कुल 181 बूथ स्थापित किए गए हैं। आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक 24,514 मतदाता कटिहार जिले में (26 बूथ) पंजीकृत हैं, जबकि पूर्णिया जिले में 12,062 मतदाता (17 बूथ), सहरसा में 11,498 (13 बूथ), खगड़िया में 9,470 (11 बूथ), मधेपुरा में 9,678 (14 बूथ), सुपौल में 9,461 (13 बूथ), अररिया में 9,167 (11 बूथ), भागलपुर में 8,463 (12 बूथ), बांका में 10,692 (11 बूथ) और मुंगेर में 3,753 मतदाता (7 बूथ) शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- बिहार: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बुलावे पर पहुंचे अनंत सिंह ने क्या कहा? NDA विधान मंडल दल की बैठक संपन्न

निर्वाची पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाताओं को मतपत्र पर अपनी पसंद की वरीयता अंकित करने के लिए मतदान केंद्र पर ही मतदान कर्मियों द्वारा विशेष बैगनी रंग का स्केच पेन दिया जाएगा। मतदाता किसी अन्य पेन या पेंसिल का प्रयोग नहीं कर सकेंगे।

मतदान के समय पहचान स्थापित करने के लिए मतदाता पहचान पत्र के अलावा आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, राज्य/केंद्र सरकार या पीएसयू का पहचान पत्र, एमएलए/एमपी/एमएलसी का आधिकारिक आईडी, डिग्री/डिप्लोमा प्रमाणपत्र, दिव्यांगता यूडीआईडी कार्ड सहित कुल 10 वैकल्पिक दस्तावेज मान्य होंगे।

चुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत आवश्यक निषेधात्मक आदेश जारी कर दिए गए हैं। संवेदनशील बूथों पर पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती रहेगी और अवांछित तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
विज्ञापन


अभ्यर्थियों और राजनीतिक दलों को अनुमतियां सुगम तरीके से देने के लिए सभी 14 जिलों में सिंगल विंडो सिस्टम चालू किया गया है। मतदान के दिन सभी सरकारी और निजी संस्थानों के कर्मियों के लिए वैधानिक अवकाश मान्य रहेगा। इसके अलावा, किसी भी प्रकार की जानकारी, शिकायत या सहायता के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 06454-243198 है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें