किशनगंज जिले के पौआखाली थाना क्षेत्र से एक संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। सरकारी स्कूल में कार्यरत शिक्षक जुगल कुमार गणेश का शव उनके घर में फंदे से लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना भोलमारा ग्राम पंचायत के सरायकुड़ी तेली बस्ती की है, जहां सोमवार की सुबह इस दुखद खबर से लोग स्तब्ध रह गए।
सरकारी शिक्षक थे जुगल कुमार गणेश
जानकारी के मुताबिक, जुगल कुमार गणेश किशनगंज जिले के दूधओंटी ग्राम पंचायत स्थित एनपीएस प्राथमिक विद्यालय खाड़ीबस्ती में नियोजित शिक्षक थे। वे फरवरी 2022 से शिक्षक पद पर कार्यरत थे और शिक्षा विभाग में अपनी सेवा दे रहे थे।
यह भी पढ़ें- Bihar:संदिग्ध हालात में किशोरी की मौत, प्रेमी पर हत्या का आरोप; गले पर मिला काला निशान, जांच में जुटी पुलिस
पत्नी से विवाद की चर्चा, ग्रामीणों ने जताई आशंका
स्थानीय लोगों की मानें तो शादी के बाद से ही जुगल कुमार और उनकी पत्नी के बीच रिश्ते सामान्य नहीं थे। आए दिन मनमुटाव और झगड़े की बातें सामने आती रही थीं। कुछ लोगों का मानना है कि यह पारिवारिक तनाव ही उनकी मौत का कारण बना हो सकता है। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस घटना की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पौआखाली थाना के एएसआई अंगद कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। बाद में एसडीपीओ मंगलेश कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रशासनिक अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हालांकि वाहन और एंबुलेंस की देर से उपलब्धता के कारण कुछ समय तक प्रक्रिया बाधित रही। पुलिस फिलहाल हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि यह आत्महत्या का मामला है या इसमें किसी अन्य की भूमिका है।
यह भी पढ़ें- बिहार में अब Ssb जवानों पर हमला:नोट तस्करी के आरोपियों को पकड़ने गए पांच जवान घायल, ग्रामीणों ने बनाया बंधक
‘जल्द होगा मामले का खुलासा’
एसडीपीओ मंगलेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।