पूर्णिया जिले के केनगर थाना क्षेत्र में झुन्नी पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीनों को पूर्णिया जीएमसीएच ले जाया गया, लेकिन दो ने रास्ते में और एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पूर्णिया जिले के केनगर थाना क्षेत्र में झुन्नी पेट्रोल पंप के पास रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। यह दुर्घटना दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर से हुई, जिसका कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है।
विज्ञापन
मृतकों की पहचान अररिया जिले के बोसी थाना क्षेत्र के फरकिया निवासी शहाबुद्दीन उर्फ मोदी (25), रंजीत रजक (24) और मोहम्मद नजाम (60) के रूप में हुई है। बताया गया कि शहाबुद्दीन आंख का इलाज कराने के लिए पूर्णिया आ रहा था, जबकि रंजीत और नजाम पूर्णिया से लौट रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइकों की टक्कर हो गई।
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत उन्हें पूर्णिया जीएमसीएच पहुंचाया। रास्ते में दो युवकों ने दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान आखिरी सांस ली। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तीनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।