किशनगंज जिले की ठाकुरगंज विधानसभा सीट पर जदयू को मजबूती मिली है। पूर्व विधायक गोपाल अग्रवाल ने पटना में जदयू की सदस्यता ग्रहण की। उनकी एंट्री को सीमांचल की राजनीति में जदयू के लिए बड़ा प्लस माना जा रहा है।
बिहार के किशनगंज जिले से जदयू को बड़ी सियासी सफलता मिली है। ठाकुरगंज विधानसभा के पूर्व विधायक गोपाल अग्रवाल ने पटना में प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा की मौजूदगी में जदयू की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान पार्टी नेता नौशाद आलम और प्रहलाद सरकार समेत कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि अग्रवाल की एंट्री से सीमांचल में पार्टी की पकड़ और मजबूत होगी। सूत्रों का कहना है कि 2025 विधानसभा चुनाव में गोपाल अग्रवाल को ठाकुरगंज सीट से टिकट मिलने की संभावना है।
विज्ञापन
ठाकुरगंज सीट का राजनीतिक गणित
किशनगंज जिले की ठाकुरगंज विधानसभा सीट सामान्य श्रेणी की है, जिसका गठन 1951 में हुआ था। अब तक यहां 15 विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। इस सीट में ठाकुरगंज और दिघलबैंक प्रखंड की 13 ग्राम पंचायतें आती हैं। 2020 के चुनाव में राजद उम्मीदवार साउद आलम ने निर्दलीय उम्मीदवार गोपाल अग्रवाल को शिकस्त दी थी। साउद को 79,909 वोट मिले थे, जबकि अग्रवाल को 56,022 वोट मिले। जदयू के नौशाद आलम तीसरे स्थान पर रहे थे।
गोपाल अग्रवाल 2005 में समाजवादी पार्टी से इसी सीट से विधायक रह चुके हैं। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, 2025 का चुनाव मुस्लिम वोटों की एकजुटता पर निर्भर करेगा। पहले भी एआईएमआईएम और निर्दलीय उम्मीदवारों की वजह से वोटों का बंटवारा हुआ है। इस बार मुकाबला सीधे राजद और जदयू के बीच माना जा रहा है।