'कांग्रेस का शिक्षा न्याय संवाद पूरी तरीके से फ्लॉप'
बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी ने राहुल गांधी के कार्यक्रम पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि संविधान को हाथों में लेकर घूमने वाले नेता स्वंय अपनी मर्यादाओं का उलंघन करते हैं। जो उनके दोहरे चरित्र को उजागर करता है। राहुल गांधी के प्रति देश के लोगों का विश्वास शून्य हो गया है। मंत्री ने दरभंगा में आयोजित कांग्रेस के शिक्षा न्याय संवाद को पूरी तरीके से फेल बताया है।
यह भी पढ़ें: पुराने वाहनों की स्क्रैपिंग पर मिल रही एकमुश्त छूट, निबंधन, फिटनेस और अतिरिक्त फीस आदि में डिस्काउंट
राहुल गांधी ने मोगलपुरा स्थित आंबेडकर छात्रावास में राजनीतिक गतिविधियां करके शैक्षणिक माहौल को बिगाड़ने का कार्य किया है। यह छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की राजनीति ही नौटंकी पर आधारित है। उन्हें न युवाओं की चिंता है, न देश की। उन्हें केवल मंच, कैमरा और स्क्रिप्ट चाहिए। यह वही पार्टी है, जिसने हमेशा बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को अपमानित किया और अब उनके नाम पर राजनीति कर रही है।
कांग्रेस ने टाउन हॉल में कार्यक्रम की अनुमति ली थी। परंतु राहुल गांधी द्वारा बिना प्रशासनिक अनुमति के आंबेडकर छात्रावास में सभा करना नियमों और प्रक्रिया की सीधी अवहेलना है। उन्होंने कहा कि यह देश संविधान से चलता है, राहुल गांधी की मनमानी से नहीं। मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी का दरभंगा दौरा पूरी तरह विफल रहा। जनता ने एक बार फिर बता दिया कि दरभंगा की धरती तर्क, तपस्या और शिक्षा की भूमि है। यहां दिखावटी राजनीति नहीं चलेगी। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में जनता इन अवसरवादी नेताओं को करारा जवाब देगी।