किशनगंज जिला शतरंज संघ और चेस क्रॉप्स की ओर से आयोजित 24वीं जिला-स्तरीय वार्षिक शतरंज प्रतियोगिता का सोमवार को खेल भवन खगड़ा में भव्य आयोजन हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 550 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जिला अधिकारी विशाल राज एवं संघ के पदेन अध्यक्ष विशाल राज ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। डीएम ने खुद सभी खिलाड़ियों के साथ बैठकर शतरंज खेला और उन्होंने शतरंज को विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण खेल बताते हुए कहा कि यह न केवल तर्कशक्ति बढ़ाता है, बल्कि हार-जीत से सहनशीलता भी सिखाता है।
प्रतियोगिता में 4, 5, 7 और 9 वर्ष से कम आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने अलग-अलग वर्गों में प्रतिस्पर्धा की। विजय पाल, विदिशा दास, प्रियांश आनंद और मैशा रहमानी ने अपने-अपने आयु वर्ग में चैंपियनशिप जीती। जैद रहमान, लावण्या कर्मकार, युग सिन्हा और प्रियांशी कुमारी उपविजेता रहे। अर्णव राज, आतीका अनवर, जियांश साह और अक्सा फातिमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा प्रह्लाद कुमार, संघ की कार्यकारी अध्यक्ष ए कविता जूलियाना सहित कई गणमान्य लोगों ने शिरकत की। संघ के मानद महासचिव शंकर नारायण दत्ता और आयोजन सचिव कमल कर्मकार ने बताया कि अगले रविवार को सभी जीते हुए प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।