पूर्णिया के कप्तान पुल के समीप शुक्रवार की शाम एक सनसनीखेज वाकया सामने आया, जहां एक युवती ने टोटो से उतरते ही अचानक सौरा नदी में छलांग लगा दी। इस घटना के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई। जहां एक ओर लोग अपने मोबाइल से वीडियो बनाने में मशगूल दिखे, वहीं एक टोटो चालक ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में कूदकर युवती की जान बचा ली।
किराया चुकाने के बाद युवती नदी में कूदी
लाइन बाजार छोटी मस्जिद निवासी टोटो चालक पिंटू आलम ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि युवती कला भवन रोड से उसके टोटो पर सवार हुई थी। कप्तान पुल के पास पहुंचने पर उसने टोटो रुकवाया और किराया चुकाने के बाद नीचे उतरी। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, युवती तेजी से पुल की रेलिंग पर चढ़ी और सीधे उफनती सौरा नदी में छलांग लगा दी।
युवती को बचाने की जगह वीडियो बनाने लगे लोग
युवती के नदी में कूदते ही पुल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। विडंबना यह रही कि संकट की इस घड़ी में लोग मदद के लिए हाथ बढ़ाने के बजाय अपने मोबाइल कैमरों से वीडियो बनाने में व्यस्त नजर आए। इसके कारण पुल पर करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। इसी बीच टोटो चालक पिंटू आलम ने बहादुरी का परिचय दिया और बिना देर किए नदी में छलांग लगाकर युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। चालक की इस जांबाजी की अब पूरे शहर में सराहना हो रही है।
ये भी पढ़ें:
कटिहार में मौत का महातांडव, NH-31 पर बस-पिकअप की भीषण टक्कर, 10 की मौत, 25 से ज्यादा घायल
आर्थिक तंगी से परेशानी की बात आ रही सामने
नदी से सुरक्षित बाहर निकालने के बाद टोटो चालक ने युवती को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। जब युवती से इस आत्मघाती कदम के बारे में पूछा गया, तो उसने कुछ भी बताने से साफ इनकार कर दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, युवती रामबाग की रहने वाली है और उसकी आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है। उसकी मां दूसरों के घरों में झाड़ू-पोछा लगाकर किसी तरह परिवार का गुजारा करती है। कयास लगाए जा रहे हैं कि किसी गहरे मानसिक तनाव या पारिवारिक कलह के कारण उसने यह कदम उठाया होगा।