घर में बिखरा सामान दिखाती महिला।
- फोटो : अमर उजाला
पूर्णिया में चोरों ने नशीले स्प्रे का उपयोग कर भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने सहायक खजांची थाना क्षेत्र के माधोपारा दुर्गा मंदिर स्थित एक घर में गोदरेज का ताला खोल लगभग 15 लाख मूल्य के जेवर और 10 हजार रुपये चोरी कर लिए। जिस कमरे में चोरी की यह वारदात हुई, उसमें बुजुर्ग महिला सहित दो सदस्य सोये हुए थे। उसमें घर के दो सदस्य भी सोए थे। ऐसे में वारदात की भनक तक नहीं लगने को गृहस्वामियों द्वारा यह आशंका जताई गई है कि चोरों ने किसी नशीले स्प्रे का उपयोग किया होगा। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
पीड़ित गृहस्वामी माधोपारा दुर्गा मंदिर निवासी खुर्शीद आलम के पत्नी सायमा आलम ने बताया कि मेरे पति के दोस्त की बहन की शादी कसबा में थी। शादी समारोह में शामिल होने के लिए सपरिवार कसबा गए हुए थे। घर पर सिर्फ एक बुजुर्ग मां और देवर थे। शादी समारोह में शामिल होकर शनिवार सुबह 8:30 बजे घर लौटे तो देखा कि गेट बंद है। आवाज देने के बाद भी घर से कोई नहीं निकल रहा था। कुछ देर बाद जब देवर ने गेट खोला तो देखा कि गोदरेज खुला हुआ था और सामान बिखरा हुआ था। घर के अंदर बेड पर मां बेहोश पड़ी हुई है। कई बार जगाने के बाद भी मां नहीं जगी।
उन्होंने बताया कि जिस रूम में चोरी हुई उसमें घर के दो सदस्य भी सोए थे, लेकिन सुबह 8:30 बजे से पहले किसी की नींद नहीं खुली। बुजुर्ग मां अभी भी बेहोश पड़ी हुई है। पीड़ितों के अनुसार जेवर का बैग छत पर जाने वाली सीढ़ी पर फेंका हुआ मिला और जेवर गायब था। चोर छत के सहारे ही घर में घुसा था। चोरों ने किसी नशीले स्प्रे का उपयोग किया होगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहल्ले में रातभर बाहरी लोगों का आवागमन लगा रहता है। पुलिस की गश्ती गाड़ी कभी कभी आती है। दिन में भी स्मैक पीने वालों का जमावड़ा भी मोहल्ले में लगा रहता है। जिस कारण चोरी की घटना को अंजाम दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद डायल 112 पुलिस घटनास्थल पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की है। साथ ही लिखित आवेदन के लिए कहा है।