जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बिहार में सनातनी राजनीति का शंखनाद कर दिया है। उन्होंने घोषणा की है कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में राज्य की सभी सीटों पर निर्दलीय गौ भक्त प्रत्याशी उतारे जाएंगे।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने 'गौ मतदाता संकल्प यात्रा' निकालते हुए सनातनी हिंदुओं से अपील की कि वे गौ माता को राष्ट्र माता घोषित कराने के लिए गौ भक्त प्रत्याशियों का समर्थन करें। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सनातन धर्म की रक्षा तभी संभव है, जब गौ माता का संरक्षण हो। गौ रक्षा केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति की आधारशिला है।
पढ़ें: मत्स्य विभाग ने जब्त की, लेकिन थाने से मंडी पहुंच गई 25 क्विंटल थाई मांगुर; पुलिस की लापरवाही बेनकाब
उन्होंने बताया कि गौ माता को राष्ट्र माता घोषित कराने के लिए राष्ट्रीय दलों के दिल्ली कार्यालयों से संपर्क किया गया था और लोकसभा में पक्ष रखने की अपील भी की गई थी। लेकिन किसी भी दल ने इस विषय पर अपना रुख स्पष्ट नहीं किया। इसी वजह से अब गौ भक्त प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया गया है। शंकराचार्य ने यह भी कहा कि वे स्वयं इन प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। उम्मीदवारों के नाम नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद औपचारिक रूप से घोषित किए जाएंगे।
इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर घुसपैठ हो रही है तो समझो चौकीदार सो रहा है। उन्होंने आगे जोड़ा कि पहले गौ रक्षा करना सीखो, उसके बाद हिंदू राष्ट्र बनाने की बात करो।