अररिया जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय इटहरा के प्रधानाध्यापक एस. एच. मासूम पर स्कूल की कुछ छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। आरोप सामने आते ही पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण स्कूल परिसर में जुट गए। बताया गया कि जब पुलिस आरोपित प्रधानाध्यापक को सुरक्षा में ले जा रही थी, तभी आक्रोशित अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में उसकी पिटाई कर दी।
पढे़ं: नए साल पर मुजफ्फरपुर को मिलेगी मरीन ड्राइव लेक फ्रंट की सौगात, स्मार्ट सिटी का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट रेडी
ग्रामीणों का कहना है कि छात्राओं द्वारा लगातार गलत व्यवहार की शिकायत की जा रही थी, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। आरोप सार्वजनिक होते ही अभिभावक गुस्से में आ गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल बच्चों की सुरक्षा का स्थान होता है, ऐसे में इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक है। अभिभावकों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने प्रधानाध्यापक को हिरासत में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि छात्राओं के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।