काली मधुमक्खियों के काटने से घायल मां और बेटे
- फोटो : अमर उजाला
पूर्णिया में काली मधुमक्खियों के डंक ने एक चार वर्षीय बच्ची की जान ले ली। काली मधुमक्खियों के डंक की शिकार मृत बच्ची की मां और बड़े भाई की स्थिति गंभीर है, जिन्हें इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना अमौर थानाक्षेत्र के बंगरा मेहदीपूर पंचायत के बनकोरा गांव की है।
जानकारी के मुताबिक, खेलने के दौरान काली मधुमक्खियों के काटने से एक चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृतका संजना कुमारी (4) ग्रामवासी मिथिलेश कुमार विश्वास की बेटी थी। घटना के दौरान संजना अपने भाई जयकांत कुमार और अन्य बच्चों के साथ पड़ोस के अशोक मुंशी के दरवाजे पर खेल रही थी। वहां एक लीची का पेड़ था, जिसमें काली मधुमक्खी का छत्ता लगा हुआ था। बच्चों ने लीची पेड़ की टहनियों को हिला दिया, जिससे मधुमक्खियों के झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया।
डंक लगने से सभी बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे। चीख-पुकार सुनकर मिथिलेश विश्वास की पत्नी मधु देवी ने घर से बाहर आकर देखा तो उसके दोनों बेटे-बेटी के शरीर पर भारी संख्या में मधुमक्खियां चिपकी हुईं थी। उसके बाद वह अपने बच्चों के शरीर से मधुमक्खियों को हटाने लगी। इस दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने उस पर भी हमला बोल दिया।
इसके बाद परिजनों ने किसी तरह तीनों को मधुमक्खियों से मुक्त कराया और तीनों को लेकर कसबा अस्पताल पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों पीड़ितों को पूर्णिया जीएमसीएच रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान संजना कुमारी की मौत हो गई। जबकि उसके भाई और मां को बेहोशी की हालत में जीएमसीएच में ही भर्ती कराया गया है।