पूर्णिया पुलिस ने एक शातिर पति-पत्नी को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह दोनों मिलकर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनके पास से चोरी किए गए 12 लैपटॉप और 3 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कटिहार जिला के मनिहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमारीपुर वार्ड संख्या 12 निवासी विवेक सिंह के पुत्र सत्यम कुमार सिंह और उसकी पत्नी सुहानी सिंह के रूप में हुई है। दोनों हाल ही में पूर्णिया में एक किराए के मकान में रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार, यह पति-पत्नी दिन में रेकी करते थे और रात में सुनसान घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। कुछ दिनों पूर्व दोनों एक एनजीओ कर्मी के घर से लैपटॉप और नकदी लेकर फरार हो गए थे। गुप्त सूचना के आधार पर पूर्णिया पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर कटिहार जिले के मनिहारी इलाके से इन्हें धर-दबोचा।
पढ़ें: प्रदेश के 252 प्रखंडों में आउटडोर स्टेडियम तैयार, खेल अवसंरचना का विकास सरकार की प्राथमिकता
प्रेस वार्ता में खुलासा
सहायक खजांची थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सदर एसडीपीओ सह साइबर डीएसपी चंदन कुमार ठाकुर ने बताया कि एसपी कार्तिकेय शर्मा के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम ने मानवीय और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। दोनों आरोपियों को उनके पैतृक घर से गिरफ्तार किया गया, जहां से चोरी किए गए 12 लैपटॉप और 3 हजार रुपये बरामद हुए। उन्होंने बताया कि दोनों पति-पत्नी लंबे समय से चोरी की घटनाओं में शामिल थे और हर वारदात के बाद पूर्णिया से कटिहार भाग जाते थे, जिससे पुलिस को भ्रमित कर सकें। पति-पत्नी होने के कारण इन पर किसी को आसानी से शक भी नहीं होता था।
अतीत की भी हो रही जांच
चोरी की घटनाओं में संलिप्तता के अलावा पुलिस अब दोनों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। साइबर डीएसपी चंदन कुमार ठाकुर ने बताया कि पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इनके खिलाफ पूर्व में कहीं और भी आपराधिक मामले दर्ज हैं या नहीं।