पूर्णिया जिले में एक बुजुर्ग महिला को डायन बताकर मैला पिलाने का मामला सामने आया है। घटना कसबा थाना क्षेत्र में संझेली पंचायत के कुरैशी टोला वार्ड संख्या-15 की है। वहीं, घटनाक्रम के बाद पीड़िता ने कसबा थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
बुजुर्ग महिला ने मोकिमा खातून और उसकी दोनों बेटियों के खिलाफ कसबा थाने में लिखित शिकायत दी है। पीड़िता की पहचान कसबा थाना क्षेत्र के संझेली पंचायत की कुरैशी टोला निवासी हलीमा खातून के रूप में हुई है।
घटना को लेकर महिला ने बताया कि वो बुधवार दोपहर नवाज अदा करने से पहले हाथ मुंह धो रही थी। इसी दौरान पड़ोस की महिला मोकिमा खातून अपनी दो बेटी हिना खातून और रोना खातून आ धमकी। पड़ोस में रहने वाली महिलाओं का कहना था कि घर के दो मर्दों को निगल लिया है। डायन कहते हुए मारपीट करने लगी। भाई और बेटे को खा लेने का आरोप लगाते हुए तीनों ने मुझे पकड़कर जमीन पर गिरा दिया। पड़ोसी की बेटियों ने मेरा हाथ पकड़ा, जबकि महिला जबरन मुझे पकड़कर मैला पिला दिया। वहीं, इसके बाद उन्होंने मेरे बाल पकड़े और फिर मुझे घसीटते हुए सड़क पर ले जाकर बुरी तरह पीटा।
वहीं इन सबके बाद वे गांव के पंचों और जनप्रतिनिधियों के पास पहुंची। बुधवार शाम पंचायत बैठी और पंचों ने मारपीट करने वाली मोकिमा खातून और उनकी दोनों बेटी हिना खातून व रोना खातून को बुलाया गया। मगर यूनियन पंचों के सामने आने से इंकार कर दिया।
इधर, स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना कसबा पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही कसबा थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर घटना में शामिल हिना खातून को पुलिस में अपने हिरासत में लेकर थाना ले आई है। जबकि आरोपी महिला की दोनों बेटी मौके से फरार है। जानकारी कसबा थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि मामले की जांच करवाई जा रही है। महिला को प्रताड़ित करने वाले आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।