कोढ़ा थाना क्षेत्र के कोढ़ा और फुलवरिया के बीच रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। पूर्णिया से भागलपुर जा रही एक यात्री बस अचानक आग की चपेट में आ गई। चलते-चलते बस से धुआं उठने लगा, जिसके बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। लोग खिड़कियों और दरवाजे से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई यात्री हताहत नहीं हुआ। हालांकि, कई यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है।
पढ़ें: पूर्व राजद विधायक हरिनन्दन यादव के निधन पर पहुंचे तेजस्वी यादव, अंतिम संस्कार में दी श्रद्धांजलि
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस तेज रफ्तार में थी तभी धुएं का गुबार उठने लगा। ड्राइवर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्री जैसे-तैसे बाहर निकले।
फिलहाल पुलिस ने बस को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि आग तकनीकी खराबी से लगी या लापरवाही इसकी वजह बनी। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रोडवेज कंपनियां कितनी गंभीर हैं।