किशनगंज जिले के कोचाधामन थाना क्षेत्र के कुट्टी पंचायत अंतर्गत धूमबस्ती के पास गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ट्रक और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक और बाइक के बीच इतनी जोरदार टक्कर हुई कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय शोएब आलम की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक शोएब आलम, तमीज उद्दीन के पुत्र थे। वहीं दूसरा युवक अशफाक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। दोनों युवक पूर्णिया जिले के बोचागाड़ी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।