मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ उनके ही दल के नेताओं द्वारा की जा रही बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है।
मुजफ्फरपुर से जदयू सांसद कैप्टन जयनारायण निषाद के बाद अब गोपालगंज के सांसद पूर्णमासी राम ने भी नीतीश कुमार के खिलाफ जमकर हमला करते हुए उन्हें हिटलर तक कह डाला।
सांसद पूर्णमासी राम ने बुधवार को पार्टी नेतृत्व के खिलाफ बगावती तेवर अपना लिया। उन्होंने कहा कि बिहार में जदयू तीन खेमे में बंटा हुआ है और यहीं स्थिति रही तो आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी तीसरे स्थान पर चली जाएगी।
सांसद ने नीतीश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में हिटलरशाही के कारण ही जदयू बिहार में कमजोर है। इस कमजोर संगठन की बदौलत परचम लहराने की बात करना मुगालते में ही रहना है।
अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए जदयू सांसद ने कहा कि नीतीश की हिटलरशाही के कारण बिहार में जदयू की स्थिति बदतर है। इस समय पार्टी की जो स्थिति है, उससे इसका तीसरे स्थान पर रहना तय है।