बिहार में 28 अक्टूबर को पहले चरण के तहत 71 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इसके साथ राजनीतिक दल दूसरे चरण के चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। इस कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को दरभंगा, मुजफ्फरपुर और पटना में चुनावी रैलियां करेंगे। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी महागठबंधन के लिए दरभंगा जिले के वाल्मीकि नगर और कुशेश्वर अस्थान में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। बता दें कि दूसरे चरण के लिए तीन नवंबर को 94 सीटों पर मतदान होना है।
पीएम मोदी मोदी दरभंगा, मुजफ्फरपुर और पटना में राजग उम्मीदवारों के लिए लोगों से समर्थन मांगेंगे जहां तीन नवंबर को दूसरे चरण में मतदान होगा। राहुल गांधी इसी दिन वाल्मीकिनगर और कुशेश्वर स्थान में महागठबंधन के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। वाल्मीकिनगर लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव में तीन नवंबर को विधानसभा के दूसरे चरण के साथ मतदान होगा।
पहले चरण में 1066 प्रत्याशी आजमा रहे हैं किस्मत
पहले चरण में 1066 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है। पहले चरण में दो करोड़ 14 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चरण के लिए 31,371 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुबह सात बजे शाम छह बजे तक वोटिंग होगी।
पूर्व सीएम जीतन राम मांझी के अलावा आठ मंत्री भी शामिल
पहले चरण के चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के अलावा आठ मंत्री प्रेम कुमार, कृष्णनंदन वर्मा, शैलेश कुमार, विजय कुमार सिन्हा, जय कुमार सिंह, रामनारायण मंडल, संतेाष कुमार निराला और बृजकिशोर बिंद सहित कई दिग्गज चुनावी मैदान में हैं।
इन 71 सीटों पर होगा मतदान
औरंगाबाद, रफीगंज, गुरुआ, शेरघाटी, इमामगंज (एससी), बाराचट्टी, बोधगया, गया टाउन, जहानाबाद, घोसी, मखदुमपुर (एससी), गोह, ओबरा, नबीनगर, कुटुम्बा (एससी), कहलगांव, सुल्तानगंज, अमरपुर, धोरैया (एससी), बांका, कटोरिया (एसटी), बेलहर, तारापुर, मुंगेर, जमालपुर, सूर्यगढ़ा, लखीसराय, शेखपुरा, बरबीघा, मोकामा, बाढ़, मसौढ़ी (एससी), पालीगंज, बिक्रम, संदेश, बड़हरा, आरा, अगिआंव (एससी), तरारी, जगदीशपुर, शाहपुर, ब्रह्मपुर, बक्सर, डुमरांव, राजपुर (एससी), रामगढ़, मोहनियां (एससी), भभुआ, चैनपुर, चेनारी (एससी), सासाराम, करगहर, दिनारा, नोखा, डेहरी, काराकट, अरवल, कुर्था, टेकारी, बेलागंज, अतरी, वजीरगंज, रजौली (सुरक्षित), हिसुआ, नवादा, गोविंदपुर, वरसलीगंज, सिकंदरा (एससी), जमुई, झाझा, चकाई।