पटना पुलिस ने एक सेक्स रैकेट का भंडाफोड किया है। अगमकुआं पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले गांधी नगर इलाके में जिस्मफ़रोशी का ये कारोबार चल रहा था।
अंग्रेजी अखबार TOI के मुताबिक शुक्रवार को पुलिस ने छापा मार कर गिरोह के सरगना अंजनी कुमार व दो अन्य को तीन कॉलगर्ल्स के साथ आपत्तिजनक अवस्था में पकड़ा। अंजनी कुमार बिहार के ही हाजीपुर का रहने वाला है।
कम उम्र की लड़कियां हैं शामिल
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने बताया कि,"गिरोह में 13 से 20 साल तक की लड़कियां हैं जिनको बिहार, यूपी और नेपाल भेजा जाता था। पकड़ी गई लड़कियों में से एक की उम्र 13 साल है। लड़कियों को प्रति ग्राहक 500 से 800 रुपये दिये जाते थे जबकि सरगना, ग्राहकों से दो हजार से लेकर तीन हजार तक वसूल करता था।"
उन्होंने बताया कि,"अगर लड़कियों को शहर से बाहर भेजा जाता था तो उन्हें सात सौ से लेकर 1500 रुपये प्रति ग्राहक दिये जाते थे जबकि ग्राहकों से चार से लेकर पांच हजार रुपये तक वसूल किये जाते थे।"
पुलिस ने टीम बना की छापेमारी
शुक्रवार को एसएसपी को जानकारी मिली थी कि गांधी नगर इलाके में जिस्मफ़रोशी का कारोबार चल रहा है। उन्होंने एसपी सिटी जयंत कांत के नेतृत्व में एक टीम बनाई जिसमें पटना के डीएसपी, अगमकुआं थाने के एसएचओ और अन्य पुलिस अधिकारियों के शामिल किया गया।
पुलिस ने उस मकान पर छापा मारा जहां से ये कारोबार किया जा रहा था। पुलिस ने जयपुर के रहने वाले राजू कुमार, नालंदा के रहने वाले मुन्ना कुमार और अंजनी कुमार को गिरफ्तार किया।
ये सामान मिला पुलिस को
पुलिस ने जिस वक्त छापा मारा उस वक्त राजू और अंजनी उन्हें कॉलगर्ल्स के साथ आपत्तिजनत स्थिति में मिले। पुलिस को मौके से एक रिवॉल्वर, 10 गोलियां, कंडोम के पैकेट, ब्लू फिल्म की सीडी, दवाइयां, अश्लील किताबें और शराब भी मिली।
पुलिस अब ये जांच कर रही है कि इस गिरोह के तार कहां कहां तक फैले थे। पुलिस ये भी जानने में जुटी है कि इस रैकेट में क्या कोई सफेदपोश भी शामिल था।
सोशल नेटवर्किंग का करते थे इस्तेमाल
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि,"जांच के दौरान अंजनी ने बताया कि वो सोशल नेटवर्किंग साइटों के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करता था और ईमेल और एमएमएस के माध्यम से ग्राहकों को लड़कियों की फोटो भेजता था। लोगों से उनका पता लेता था और फिर वहां लड़कियों की सप्लाई की जाती थी।"
इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अगमकुआं थाने में FIR दर्ज की गई है।