प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार को 33 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात देंगे। वह रविवार को बिहार के बरौनी जाएंगे। यहां वह करीब एक दर्जन परियोजनाओं का उद्धाटन करेंगे। वह कुछ परियोजनाओं को राष्ट्र को भी समर्पित करेंगे। इसमें बरौनी रिफाइनरी की क्षमता विस्तार, जगदीशपुर-हल्दिया गैस पाइपलाइन के विस्तार, सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन, नगर विकास, रेल के साथ-साथ नदी रिवर फ्रंट विकसित करने की योजनाएं शामिल हैं।
प्रधानमंत्री बरौनी में आयोजित होने वाले समारोह में हिस्सा लेने के अलावा बरौनी से रिमोट के माध्यम से पटना मेट्रो की भी आधारशिला रखेंगे। इस दौरान राज्यपाल लालजी टंडन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के अलावा केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान, रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह, आर.के. सिंह, रामकृपाल यादव और अश्विनी कुमार चौबे आदि शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को बिहार में जलमल शोधन के लिए विकसित की जाने वाली कई आधारभूत परियोजना की आधारशिला रखेंगे। जल संसाधन, गंगा संरक्षण मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी बिहार में पटना, बाढ़, सुल्तान गंज और नौगछिया में सीवेज से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं की आधारशिला रखेंगे।