फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीएम मोदी की बड़ी पहल: आसियान देशों के युवाओं को नालंदा में पढ़ने के मिलेंगे अधिक अवसर, मनीला में रखा प्रस्ताव

Tue, 17 Nov 2026 05:14 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनीला में भारत-आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान नालंदा विश्वविद्यालय में आसियान देशों के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्तियां बढ़ाने का प्रस्ताव रखा। इस पहल से भारत के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक संबंधों को मजबूती मिलेगी।

विज्ञापन
मनीला पहुंचे पीएम मोदी - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आसियान देशों के विद्यार्थियों के लिए नालंदा विश्वविद्यालय में छात्रवृत्तियों का विस्तार करने का प्रस्ताव रखा। नालंदा विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रधानमंत्री की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे दक्षिण-पूर्व एशिया के साथ भारत के ऐतिहासिक और शैक्षणिक संबंधों को मजबूत करने वाला कदम बताया है।

शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने शांत, स्थिर और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में आपसी सहयोग और साझा सांस्कृतिक मूल्यों के महत्व पर जोर दिया। इसी क्रम में उन्होंने आसियान देशों के युवाओं को भारत की उच्च शिक्षा से जोड़ने के लिए नालंदा विश्वविद्यालय में छात्रवृत्तियों की संख्या बढ़ाने का आह्वान किया।

'विकास' और 'विरासत' से जुड़ेंगे वैश्विक युवा: कुलपति

विज्ञापन

प्रधानमंत्री की इस पहल पर आभार व्यक्त करते हुए नालंदा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सचिन चतुर्वेदी ने कहा कि भारत-आसियान साझेदारी में नालंदा को महत्वपूर्ण आधार के रूप में पहचान देने के लिए विश्वविद्यालय प्रधानमंत्री का आभारी है।

उन्होंने कहा, "युवा इस साझेदारी को आगे बढ़ाने की मुख्य कड़ी हैं। छात्रवृत्तियों के विस्तार से आसियान देशों के युवा भारत के 'विकास' और 'विरासत' के दृष्टिकोण से जुड़ सकेंगे। इससे वे हमारी साझा बौद्धिक परंपरा को जानने के साथ-साथ आधुनिक अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में भी योगदान दे पाएंगे।"

सभ्यतागत सेतु के रूप में नालंदा की भूमिका
प्रोफेसर चतुर्वेदी ने विश्वास जताया कि यह कदम भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया के बीच ज्ञान के सेतु के रूप में नालंदा की ऐतिहासिक भूमिका को और मजबूत करेगा। प्राचीन काल में भी नालंदा उच्च शिक्षा का प्रमुख वैश्विक केंद्र था, जहां दक्षिण-पूर्व एशिया सहित पूरे एशिया से विद्वान अध्ययन के लिए आते थे। राजगीर में नालंदा विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना उसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रतीक है।

'एक्ट ईस्ट नीति' को मिलेगी मजबूती

विज्ञापन

यह पहल ऐसे समय में हुई है, जब वर्ष 2027 में भारत और आसियान अपने संवाद संबंधों के 35 वर्ष और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाने की तैयारी कर रहे हैं।

छात्रवृत्तियों के विस्तार से आसियान सदस्य देशों के विद्यार्थियों को भारत में उच्च शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही उच्च शिक्षा, शोध और नवाचार के माध्यम से भारत की 'एक्ट ईस्ट नीति' को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें