फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: दो तेज रफ्तार बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर, सड़क पर घिसटते चले गए वाहन; तीनों गंभीर

Mon, 16 Nov 2026 09:21 PM IST
पटना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बक्सर
विज्ञापन
घायल का इलाज करते डाॅक्टर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

बक्सर। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में चौसा-कोचस मुख्य पथ पर दैत्रा बाबा पुल के समीप दो तेज रफ्तार बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सड़क पर कुछ दूर तक घिसटती चली गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायलों की पहचान बन्नी गांव निवासी 33 वर्षीय विश्वामित्र कुमार, राजपुर गांव निवासी 16 वर्षीय अंकित कुमार और कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र के कुढ़नी अंतर्गत महिला गांव निवासी 17 वर्षीय अंकित कुमार के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, बन्नी गांव निवासी विश्वामित्र कुमार किसी काम से सरेंजा गए थे। काम पूरा करने के बाद वह बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान दैत्रा बाबा पुल के पास राजपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), राजपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तीनों को बक्सर रेफर कर दिया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें