फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: जंगली हाथी का आतंक, सोन तटीय इलाकों में मवेशियों और फसलों को भारी नुकसान; ग्रामीणों में दहशत

Thu, 26 Feb 2026 05:53 PM IST
पटना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रोहतास

सार

रोहतास जिले के सोन तटीय इलाकों में पिछले चार दिनों से एक जंगली हाथी ने भारी उत्पात मचा रखा है। हाथी के हमले में आधा दर्जन से अधिक मवेशियों की मौत हो चुकी है और कई घायल हैं।
विज्ञापन
फसलों के बीच जंगली हाथी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रोहतास जिले के सोन तटीय इलाकों में पिछले चार दिनों से एक जंगली हाथी ने भारी उत्पात मचा रखा है। हाथी के हिंसक व्यवहार से ग्रामीणों और पशुपालकों में डर का माहौल है। लोग भय के साए में दिन गुजार रहे हैं। हाथी के हमले में अब तक आधा दर्जन से अधिक मवेशियों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

मवेशियों और किसानों को भारी नुकसान

जानकारी के अनुसार रोहतास नगर पंचायत के कुशडिहरा सोन डीला इलाके में बुधवार रात हाथी ने जमकर तबाही मचाई। इस हमले में शिवपूजन चौधरी के बछड़े, अनिल यादव की दो भैंस और एक पाड़ा, सुनील चौधरी की एक गाय तथा अनिल चौधरी की एक गाय की मौत हो गई। हाथी ने मवेशियों के साथ साथ किसानों की बोरिंग, झोपड़ी और चापाकल को भी तोड़ दिया। फसलों को रौंद दिया गया, जिससे किसानों की साल भर की मेहनत पर पानी फिर गया।

डर के साए में ग्रामीण

सोन नदी किनारे बसे गांवों के लोग रात भर जागकर पहरा दे रहे हैं। बीती रात ग्रामीणों ने मशाल और पटाखों की मदद से हाथी को बस्ती से दूर भगाने की कोशिश की। ग्रामीण प्रशासन से मुआवजा और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। फसलों और मवेशियों के नुकसान से उनकी आजीविका पर संकट आ गया है।

सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम

जंगली हाथी की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने हाथी को खदेड़ने का प्रयास शुरू किया है। हालांकि हाथी लगातार जगह बदल रहा है, जिससे वन विभाग को काफी कठिनाई हो रही है। टीम उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही है।

झारखंड से आया हाथी, डीएफओ ने दी जानकारी

जिला वन पदाधिकारी स्टालिन फीडल के कुमार ने बताया कि बिहार हाथियों का प्राकृतिक आवास नहीं है। संभावना है कि यह हाथी झारखंड की ओर से आया है। वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। हाथी को खदेड़ने के लिए विशेषज्ञ टीम को भी बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को फिलहाल सतर्क रहने की जरूरत है। मुआवजे के सवाल पर उन्होंने बताया कि वन विभाग साक्ष्य जुटाकर विभाग को भेजेगा, उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।

पड़ोसी जिले में भी दिख चुका है हाथी

कुछ दिन पहले रोहतास के पड़ोसी जिले औरंगाबाद में भी जंगली हाथी का आतंक देखा गया था। वन विभाग की टीम ने काफी प्रयास के बाद उसे झारखंड की ओर खदेड़ दिया था। अब आशंका है कि वही हाथी फिर से सोन नदी पार कर रोहतास वन क्षेत्र में घुस आया है।

फसलों के बीच घूमता रहा जंगली हाथी

हाथी लगातार फसलों के बीच घूम रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। प्रशासन और वन विभाग की टीम हालात पर नजर बनाए हुए है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें