रात में ट्रक से अनाज उतारते मजदूर
- फोटो : अमर उजाला
रोहतास जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बैजला मिल के समीप ट्रक से राशन की कथित कालाबाजारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन दावा किया जा रहा है कि ट्रक से जन वितरण प्रणाली की दुकानों के लिए आवंटित अनाज को चोरी-छुपे उतारकर बाजार में बेचा जा रहा है।
बैजला राइस मिल के आसपास की बताई जा रही घटना
दावा है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बैजला राइस मिल के समीप अक्सर रात के अंधेरे में ट्रकों से अनाज के बोरे उतारे जाते हैं और उन्हें चोरी-छुपे बाजार में खपाया जाता है। वायरल वीडियो भी इसी इलाके का बताया जा रहा है, जो अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। आरोप है कि इस पूरे मामले में जिला आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से गरीबों के हिस्से के अनाज की खुलेआम कालाबाजारी की जा रही है।
राजनीतिक प्रतिक्रिया और आरोप
वायरल वीडियो को लेकर जन सुराज के कद्दावर नेता और शिवसागर प्रखंड के उप प्रमुख विनय सिंह ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि बिना आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की संलिप्तता के इस तरह की गतिविधि संभव नहीं है। उनका आरोप है कि बैजला राइस मिल के समीप उपेंद्र उर्फ माना सिंह द्वारा अपने गोदाम में कालाबाजारी के उद्देश्य से राशन की बोरियां उतारी जा रही हैं।
पढ़ें- पूर्णिया गैंगरेप कांड: IG के निर्देश पर एक्शन मोड में पुलिस, इरफान समेत तीन दरिंदे गिरफ्तार; बाकी की तलाश जारी
प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
विनय सिंह का कहना है कि यदि प्रशासन उनके गोदाम में छापामारी करे, तो कम से कम दस ट्रक सरकारी अनाज बरामद किया जा सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इसी कालाबाजारी के कारण गरीब लाभुकों को तय मात्रा से कम अनाज मिल रहा है। इस मामले में प्रशासन से तुरंत संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की मांग की गई है।