बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर शहर में आवारा कुत्तों के काटने की घटनाओं से आम लोग डरे हुए हैं। वहीं, घायल मरीजों के अस्पताल पहुंचने पर एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं मिलने से उनकी परेशानी बढ़ गई है। घायलों ने अस्पताल में रैबीज का इंजेक्शन उपलब्ध नहीं होने पर नाराजगी जताई और वैक्सीन बाजार में बेच दिए जाने का आरोप भी लगाया।
शहर की गलियों में घूम रहे आवारा कुत्तों ने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। घायलों ने बताया कि बख्तियारपुर में एक सप्ताह के भीतर 50 से 60 लोगों को कुत्तों ने काटा है। ये सभी इलाज के लिए बख्तियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे थे। वहां एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं मिलने पर लोगों ने अस्पताल परिसर के बाहर हंगामा शुरू कर दिया।
मरीजों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन की मिलीभगत से महंगी रैबीज वैक्सीन बाजार में बेच दी जाती है। लोगों ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से इस मामले में अस्पताल प्रशासन के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, ग्रामीणों ने बख्तियारपुर नगर परिषद से भी आवारा कुत्तों से राहत दिलाने की मांग की है।
घायल दिनेश पासवान ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर उन्हें टेटनस का इंजेक्शन लगाया गया और कुत्ते के काटने वाली जगह पर पट्टी की गई, लेकिन एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं लगाई गई। अस्पताल प्रबंधन की ओर से उन्हें बताया गया कि वैक्सीन का स्टॉक खत्म हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में मिलने वाले इंजेक्शन बाजार में बेच दिए जाते हैं।