कोइलवर थाना क्षेत्र का पूरा मामला
- फोटो : Amar Ujala
भोजपुर जिले के कोइलवर थाना क्षेत्र में सोमवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो सवार एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल मजदूरी कर घर लौट रहे थे। मृतक की पहचान नगर पंचायत कोइलवर के वार्ड संख्या 6 निवासी मो. सागिर (50 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में वार्ड संख्या 3 निवासी मो. अलीम (50 वर्ष), कृष्णा राय (35 वर्ष), अनिल राय (35 वर्ष) तथा संतोष राय (40 वर्ष) शामिल हैं।
सभी मजदूर ऑटो से लौट रहे थे घर
मिली जानकारी के अनुसार, सभी मजदूर बिहटा के एक बालू घाट पर मजदूरी करने के बाद ऑटो से अपने घर कोइलवर लौट रहे थे। इसी दौरान कोइलवर अब्दुल बारी पुल से बाहर निकलते ही ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये भी पढ़ें-
प्रशांत किशोर बांकीपुर विधायक; वोकल और साइलेंट- दोनों तरह के वोट से जीते
घटना के बाद स्थानीय लोगों और डायल 112 की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोइलवर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया। वहीं, इलाज के दौरान मो. सागिर की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।