मृतक के परिजनों के लापता होने से पुलिस की परेशानी बढ़ी
- फोटो : अमर उजाला
पटना जिले के भदौर थाना क्षेत्र में एक अधेड़ व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। बरुआने गांव के समीप स्थित खंदा से एक व्यक्ति का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पुलिस जांच में जुट गई।
नालंदा निवासी भूषण सिंह की हुई पहचान
मृतक की पहचान नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव निवासी भूषण सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह बीते शाम दूध देने के लिए पटना जिले के बरुआने गांव गए थे।
देर रात तक घर नहीं लौटे तो बढ़ी चिंता
परिजनों के अनुसार, देर रात तक भूषण सिंह के घर नहीं लौटने पर अनहोनी की आशंका होने लगी। इसी दौरान उनका पुत्र दिल्ली जाने के लिए ट्रेन में सफर कर रहा था। पिता के लापता होने की सूचना मिलने के बाद उसने गांव के कुछ युवकों को फोन कर उनकी तलाश करने को कहा।
खोजबीन के दौरान खंदा में मिला शव
ग्रामीणों ने खोजबीन के दौरान बरुआने खंदा में भूषण सिंह का शव पड़ा हुआ देखा। शव के गले में एक गमछा कसकर बंधा हुआ था। इसे देखकर आशंका जताई जा रही है कि गला घोंटकर उनकी हत्या की गई है।
पुलिस को दी गई सूचना
घटना की जानकारी तुरंत भदौर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद बीती रात करीब साढ़े दस बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
परिजनों ने गोली मारने का भी लगाया आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि अपराधियों ने भूषण सिंह की गला घोंटकर हत्या करने के साथ-साथ उन्हें गोली भी मारी है। हालांकि हत्या की असली वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजन भी किसी पुरानी रंजिश या दुश्मनी को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। ऐसे में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बाढ़ भेज दिया है। मामले की जांच कर रहे एसआई रामनन्दन रमन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने के लिए जांच में जुटी हुई है।