राहत का असर दिवाली के पहले से पटना के बाजार में दिख रहा है।
- फोटो : amar ujala digital
पटना में धनतेरस और दीपावली को लेकर सर्राफा बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। सोने की लगातार ऊंची कीमतों के बीच इस बार ग्राहकों की पसंद में बदलाव देखने को मिल रहा है। भारी और पारंपरिक आभूषणों के बजाय लोग हल्के वजन के डिजाइनर जेवर खरीदने को प्राथमिकता दे रहे हैं। खासकर शादी की तैयारी कर रहे परिवारों में सोने के हल्के कलेक्शन की मांग अधिक है। वहीं, बजट को ध्यान में रखते हुए चांदी के आभूषण, सिक्के और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां भी ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। बाजार में धनतेरस के लिए अभी से एडवांस बुकिंग का सिलसिला शुरू हो गया है।
शादी वाले परिवारों की सोने के हल्के जेवरों में दिलचस्पी
सर्राफा कारोबारियों के मुताबिक, इस बार सोने की खरीदारी करने वालों में ऐसे परिवारों की संख्या अधिक है, जिनके घरों में शादी होने वाली है। हालांकि, सोने की कीमतों में तेजी के कारण ग्राहक अपने बजट के हिसाब से खरीदारी कर रहे हैं। भारी गहनों की जगह हल्के वजन के आकर्षक डिजाइन तलाशे जा रहे हैं। एक ज्वेलरी शो रूम के मैनेजर आनंद लाल ने बताया कि इस बार ग्राहक लाइटवेट कलेक्शन को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। पहले जहां लोग 100 ग्राम तक सोने के आभूषण खरीदते थे, वहीं अब 50 ग्राम के आसपास की खरीदारी पर अधिक ध्यान दे रहे हैं। धनतेरस के मौके पर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए 40 प्रतिशत तक की छूट भी दी जा रही है।
सोने के साथ चांदी के जेवरों का भी बढ़ा आकर्षण
बेली रोड में एक ज्वेलरी शॉप के मालिक राजीव वर्मा ने बताया कि सोने की कीमत अधिक होने से चांदी भी खरीदारी का एक अहम विकल्प बन रही है। ग्राहक चांदी के गहनों के अलावा सिक्के और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं। बाजार में एक हजार से दो हजार रुपये तक के चांदी के सिक्कों की मांग है। वहीं, धनतेरस पर शगुन के तौर पर सिक्का खरीदने वाले लोग पहले से ही अपनी पसंद और बजट के अनुसार बुकिंग करा रहे हैं। कारोबारियों का मानना है कि इस बार चांदी की खरीदारी में भी अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है।
पटना में सोने-चांदी के क्या चल रहे भाव?
- 24 कैरेट सोना : 1,42,800 रुपये प्रति 10 ग्राम
- 22 कैरेट सोना : 1,30,900 रुपये प्रति 10 ग्राम
- 18 कैरेट सोना : 1,08,000 रुपये प्रति 10 ग्राम
- चांदी : करीब 196 रुपये प्रति ग्राम
एडवांस बुकिंग से धनतेरस की भीड़ से बचने की तैयारी
बोरिंग रोड में एक ज्वेलरी शॉप के मालिक प्रकाश रंजन ने बताया कि धनतेरस के दिन सर्राफा दुकानों में होने वाली भीड़ को देखते हुए ग्राहक पहले से खरीदारी तय कर रहे हैं। कई लोग पसंदीदा डिजाइन और सिक्कों की बुकिंग करा रहे हैं, ताकि त्योहार के दिन दुकान पर अधिक समय न बिताना पड़े। कारोबारियों के मुताबिक, ग्राहक अब केवल सोने की शुद्धता और डिजाइन ही नहीं, बल्कि अपने बजट और भविष्य में इस्तेमाल को भी ध्यान में रखकर खरीदारी कर रहे हैं। यही वजह है कि लाइटवेट गोल्ड ज्वेलरी और चांदी के उत्पाद इस बार पटना के सर्राफा बाजार में खास ट्रेंड बनकर उभरे हैं।