Accident: दोनों युवक रात में अपने ससुराल से खाना खाकर निकले थे। इसी दौरान जेम्स हॉस्पिटल के पास अज्ञात स्कॉर्पियो वाहन से उनकी टक्कर हो गई। घटनास्थल पर स्कॉर्पियो के कई टूटे हुए पार्ट्स भी बरामद किए गए हैं।
रोहतास जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत जेम्स हॉस्पिटल के समीप सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान औरंगाबाद जिले के रेरिया गांव निवासी मनीष यादव (30 वर्ष) और रोहतास के राजपुर थाना क्षेत्र के दयालगंज गांव निवासी सुमित यादव (32 वर्ष) के रूप में की गई है।
विज्ञापन
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी। आमने-सामने की जोरदार टक्कर में बाइक सवार दोनों युवक घटनास्थल पर ही दम तोड़ बैठे। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक आपस में साढ़ू थे और अपने ससुराल से डेहरी ऑन सोन लौट रहे थे।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो लेकर फरार हुआ चालक
घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक रात में अपने ससुराल से खाना खाकर निकले थे। इसी दौरान जेम्स हॉस्पिटल के पास अज्ञात स्कॉर्पियो वाहन से उनकी टक्कर हो गई। घटनास्थल पर स्कॉर्पियो के कई टूटे हुए पार्ट्स भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही इंद्रपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। एक ही हादसे में दो साढ़ूओं की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया है। वहीं, इस दर्दनाक दुर्घटना से क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई है।