फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बक्सर गोलीकांड: वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में घायल पवन तिवारी की मौत, विवाद में तीन लोगों को लगी थी गोली

Thu, 12 Nov 2026 10:45 AM IST
पटना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बक्सर

सार

बिहार के बक्सर जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बैरी गांव में गुरुवार सुबह हुए गोलीकांड में घायल पवन तिवारी की वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनके पेट में गोली लगी थी। चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर गोली निकाल दी थी, लेकिन गंभीर अंदरूनी चोटों और अधिक रक्तस्राव के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।
विज्ञापन
(प्रतीकात्मक फोटो) - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के बक्सर जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बैरी गांव में गुरुवार सुबह हुए गोलीकांड में घायल पवन तिवारी की मौत हो गई। उन्होंने वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पवन के पेट में गोली लगी थी, जिससे उनके अंदरूनी अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा था और काफी रक्तस्राव हुआ था। चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर गोली निकाल दी थी, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। डॉक्टरों ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी है। इसके बाद पोस्टमार्टम समेत अन्य कानूनी प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं।

गोली निकालने के बाद भी नहीं बच सकी जान

परिजनों के अनुसार, गोली लगने से पवन तिवारी के पेट के अंदरूनी अंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया था। वहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर गोली निकाल दी, लेकिन काफी रक्तस्राव और गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। आखिरकार इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पवन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

पानी बहाने और गाय बांधने को लेकर हुआ था विवाद

गौरतलब है कि बैरी गांव में पानी बहाने और गाय बांधने को लेकर दो पाटीदार पक्षों के बीच विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पहले से भी रंजिश चली आ रही थी। इसी विवाद ने देखते ही देखते मारपीट और गोलीबारी का रूप ले लिया। घटना में पवन तिवारी समेत तीन लोग गोली लगने से घायल हुए थे।

मुख्य आरोपी सेना के जवान ने थाने में किया था आत्मसमर्पण

इस मामले के मुख्य आरोपी सेना के जवान पुतुल उर्फ जयप्रकाश तिवारी ने बुधवार को इटाढ़ी थाने में आत्मसमर्पण कर दिया था। वह अपनी लाइसेंसी पिस्टल और दोनाली बंदूक भी पुलिस को सौंपने पहुंचा था। पूछताछ में उसने पिस्टल से गोली चलाने की बात स्वीकार की थी। हालांकि, उसका दावा था कि दूसरे पक्ष के लोगों ने पहले लाठी-डंडों से मारपीट की थी। इसके जवाब में उसने फायरिंग की थी।

पवन की मौत के बाद हत्या के मामले में आगे बढ़ेगी जांच

सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने पहले बताया था कि पुलिस ने घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज हासिल किया है। फुटेज में घायल पक्ष के लोग पहले मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अब पवन तिवारी की मौत के बाद मामले की जांच की दिशा बदल सकती है। पुलिस हत्या से संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई करेगी।

गांव में पसरा मातम, घर पर जुटने लगे लोग

पवन तिवारी की मौत की खबर बैरी गांव पहुंचते ही मातम छा गया। उनके घर पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। परिजन उनके स्वस्थ होकर घर लौटने की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन मौत की खबर ने परिवार को तोड़कर रख दिया। घर में चीख-पुकार मची हुई है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें