भाजपा नेता और भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह
- फोटो : अमर उजाला
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होना है, जिसे लेकर भोजपुर जिले का सियासी माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है। जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशी दिन-रात प्रचार में जुटे हैं। इसी बीच भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और भाजपा नेता पवन सिंह ने गुरुवार को एनडीए के चुनाव प्रचार में जोरदार एंट्री कर दी, जिससे माहौल पूरी तरह बदल गया।
पवन सिंह ने भोजपुर जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के कारनामेपुर में एनडीए प्रत्याशी राकेश रंजन उर्फ राकेश ओझा के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। उनके पहुंचते ही मैदान में उमड़ी भीड़ ने सभी सीमाएं पार कर दीं। हाई स्कूल मैदान में जनसैलाब उमड़ पड़ा और पवन सिंह की एक झलक पाने के लिए लोग बेकाबू हो गए।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही “पावर स्टार पवन सिंह जिंदाबाद” के नारे गूंजने लगे। मंच पर आते ही पवन सिंह ने अपने दमदार अंदाज में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की लहर चल रही है और जनता विकास के नाम पर वोट देगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार तेजी से विकास की राह पर बढ़ रहा है।
पढ़ें: '20 साल दिया उन्हें, अब मुझे 20 माह दीजिए बिहार बदल दूंगा', तेजस्वी यादव का पीएम
इस दौरान पवन सिंह ने अपने मशहूर अंदाज में मंच से प्रधानमंत्री मोदी और सीएम नीतीश की तारीफ में एक गाना भी गाया, जिसे सुनकर भीड़ झूम उठी। उन्होंने जनता से अपील की कि एनडीए प्रत्याशी राकेश ओझा को भारी मतों से विजयी बनाएं। सभा स्थल पर जोश और उत्साह का आलम यह था कि पवन सिंह के भाषण के दौरान बार-बार “जय बिहार, जय मोदी, जय पवन सिंह” के नारे गूंजते रहे और पूरा मैदान तालियों और नारों से गूंज उठा।