पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत आनंदपुर हाई स्कूल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर तेज रफ्तार बाइक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मनेर थाना क्षेत्र के माधोपुर फातमा गांव निवासी सत्य राय के 21 वर्षीय पुत्र बृजेश कुमार अपने गांव के दो साथियों बिट्टू कुमार और सचिन कुमार के साथ बाइक से बिहटा की ओर जा रहे थे। आनंदपुर हाई स्कूल के पास उनकी बाइक तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गई और विपरीत दिशा से आ रहे एक ऑटो से टकरा गई।
पढ़ें: जमुई में 14-15 फरवरी को ‘माटी का बल दंगल’, उपमुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन; श्रेयसी सिंह भी रहेंगी
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बृजेश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बिहटा ईएसआईसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल दानापुर भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में शोक का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।