बिहार के रोहतास जिले के कोचस बाजार में एक 16 वर्षीय छात्रा ने पढ़ाई के दबाव में आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली छोटी कुमारी को जब उसकी मां ने सुबह उठकर पढ़ने के लिए कहा, तो वह नाराज होकर कमरे में चली गई और फांसी लगा ली।
बिहार के रोहतास जिले से एक दिल को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ कोचस बाजार में नौवीं कक्षा की एक छात्रा ने सोमवार को अपने ही कमरे में पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृत छात्रा की पहचान जितेंद्र चौहान की 16 वर्षीय पुत्री छोटी कुमारी के रूप में हुई है।
विज्ञापन
पढ़ने के लिए कहने पर हुई थी नाराज
घटना के पीछे पढ़ाई का तनाव और मामूली डांट की बात सामने आ रही है। परिजनों के अनुसार, सोमवार की सुबह पिता जितेंद्र चौहान अपनी बेटी को जगाकर काम पर चले गए थे। कुछ देर बाद जब मां कमरे में गई, तो छोटी फिर से सो रही थी। मां ने जब उसे दोबारा जगाया और पढ़ाई करने के लिए कहा, तो वह नाराज हो गई। गुस्से में आकर उसने खुद को कमरे के अंदर बंद कर लिया।
खिड़की से झांका तो उड़ गए होश
काफी देर तक जब छोटी ने कमरे का दरवाजा नहीं खोला, तो मां को चिंता हुई। उन्होंने बाहर से आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद जब मां ने खिड़की से झांक कर देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। छोटी कमरे में लगे पंखे से लटक रही थी। शोर मचने पर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक मासूम की जान जा चुकी थी।
विज्ञापन
डिप्रेशन में थी छात्रा!
बताया जा रहा है कि 16 साल की छोटी कुमारी पिछले कुछ समय से पढ़ाई के दबाव को लेकर डिप्रेशन (तनाव) में थी। महज नौवीं क्लास की छात्रा द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम से हर कोई हैरान है। घर में चीख-पुकार मची है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही कोचस थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पढ़ाई के दबाव और खुदकुशी का लग रहा है, लेकिन पुलिस हर छोटे-बड़े पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि मौत की असली वजह साफ हो सके।