नालंदा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सिर्फ पानी भरने से मना करने पर एक होटल मालिक और उसके बेटों ने अपने ही स्टाफ की बेरहमी से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल हुए स्टाफ ने पांच दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद सोमवार देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक परवलपुर थाना क्षेत्र के बदौनी गांव निवासी स्वर्गीय उदल राम का पुत्र बिंदु प्रसाद (40) था।
रात में पानी भरने से किया था मना
बिंदु प्रसाद पिछले दो साल से सिलाव बाजार स्थित 'हीरा मिष्ठान भंडार' में प्लेट धोने का काम कर रहा था। मृतक के पड़ोसी सनोज कुमार ने बताया कि 12 फरवरी की रात होटल बंद होने के बाद मालिक हीरालाल और उसके बेटों ने बिंदु से पानी भरने के लिए कहा। थकान के कारण बिंदु ने उस समय मना कर दिया और कहा कि वह अगले दिन काम कर लेगा।
लोहे के पंप से पीटा, फिर गांव के बाहर फेंका
स्टाफ के इनकार पर हीरालाल और उसके बेटों ने उसे गालियां दीं। विवाद बढ़ने पर जब बिंदु ने विरोध किया, तो आरोपियों ने मिलकर उसे लोहे के पंप से बुरी तरह पीटा। इस अमानवीय कार्रवाई के बाद आरोपी उसे अपनी गाड़ी में लादकर अधमरी हालत में गांव के बाहर सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।
घटना के पांच दिन बाद मृतक की मौत
परिवार ने घायल बिंदु को पहले परवलपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं इलाज के दौरान सोमवार देर रात उसकी मौत हो गई। शव पर गंभीर चोटों के निशान देखे गए।
परिवार का इकलौता सहारा था बिंदु
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बिंदु प्रसाद अपने घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसके दो बेटे और एक बेटी हैं। वह आखिरी बार मकर संक्रांति पर घर आया था। मौत की खबर ने परिवार में कोहराम मचा दिया है, और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि वह 6 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम करता था और होटल मालिक के पास उसका पिछले 5 महीने का वेतन भी बकाया था।
ये भी पढ़ें:
पुलिसकर्मी को स्कूटी पर बिठा भाग रहे शराब माफिया की सड़क दुर्घटना में मौत, अप्रैल में होने वाली थी शादी
क्या कहती है पुलिस?
इस पूरे प्रकरण पर सिलाव थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि अभी तक थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है और न ही किसी पक्ष ने संपर्क किया है। वहीं, पावापुरी ओपी प्रभारी गौरव सिंह ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेजा है। परिजनों ने मिठाई दुकान में काम के दौरान मारपीट का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण पता चलेगा, जिसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।