फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: बच्चे की चीख सुनते ही मौत से भिड़ गई मां, बच गई मासूम की जान; खुद करंट की चपेट में आकर तोड़ा दम

Tue, 03 Nov 2026 08:00 AM IST
पटना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

पटना जिले के बिक्रम प्रखंड के अख्तियारपुर गांव में सामुदायिक भवन के लोहे के दरवाजे में करंट उतरने से 44 वर्षीय गीता देवी की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा जख्मी हो गया। सामुदायिक भवन में सफाई के दौरान बिजली का कटा तार लोहे के दरवाजे के संपर्क में आ गया था।
विज्ञापन
(प्रतीकात्मक फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हार के पटना जिले के बिक्रम प्रखंड स्थित अख्तियारपुर गांव में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। सामुदायिक भवन के लोहे के दरवाजे में करंट उतरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा जख्मी हो गया। बच्चे की चीख सुनकर उसे बचाने दौड़ी मां ने किसी तरह उसकी जान तो बचा ली, लेकिन खुद करंट की चपेट में आ गईं। मृतका की पहचान सहेंद्र दास की पत्नी गीता देवी (44) के रूप में हुई है।

लोहे के दरवाजे में उतर आया था करंट

जानकारी के मुताबिक, सामुदायिक भवन में सोमवार को साफ-सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान बिजली का एक कटा हुआ तार लोहे के दरवाजे के संपर्क में आ गया। इससे पूरे दरवाजे में करंट प्रवाहित होने लगा। पास में खेल रहा एक बच्चा अनजाने में दरवाजे के संपर्क में आ गया और करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से बच्चा चीखने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर गीता देवी उसे बचाने के लिए दौड़ीं। उन्होंने किसी तरह बच्चे को दरवाजे से अलग कर दिया और उसकी जान बचा ली, लेकिन इस दौरान वह खुद करंट की चपेट में आ गईं। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में गीता देवी को बिक्रम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, करंट लगने से जख्मी बच्चे का इलाज चल रहा है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हादसे की सूचना मिलने पर बिक्रम पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेज दिया। घटना के बाद अख्तियारपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। बच्चे को बचाने के दौरान मां की मौत से परिजन और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें