जदयू के एमएलसी और प्रवक्ता नीरज कुमार
- फोटो : अमर उजाला
जदयू के एमएलसी और प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार ने मोकामा की पुरानी छवि को बदलने का काम किया है। एक समय मोकामा की चर्चा डर, भय और बाहुबल के संदर्भ में होती थी, लेकिन अब सरकार ने इसे सुशासन, कानून के राज और बुनियादी विकास से जोड़ने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि मोकामा की पहचान हमने बदली है और आगे भी इसे बेहतर बनाने के लिए काम करते रहेंगे।
डर और भय की छवि से विकास की ओर बढ़ा मोकामा: नीरज कुमार
नीरज कुमार ने कहा कि मोकामा की पहचान पहले क्या थी और आज यह किस स्थिति में है, यह किसी से छिपा नहीं है। एक दौर था, जब क्षेत्र की चर्चा डर, भय और बाहुबल के साये में होती थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में उनकी सरकार ने उस छवि को बदलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मोकामा को अपराध और भय के साये से निकालकर सुशासन, कानून के राज और बुनियादी विकास से जोड़ने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का जो ढांचा तैयार किया गया है, वही मोकामा की नई पहचान है। नीरज कुमार ने यह भी कहा कि जो लोग पुरानी व्यवस्था और पुरानी छवि को वापस लाना चाहते हैं, उन्हें जनता अच्छी तरह पहचानती है।
विकास और सुशासन के नाम पर काम करती है जदयू
जदयू एमएलसी ने कहा कि उनकी पार्टी की नीति और नीयत स्पष्ट है। पार्टी विकास और सुशासन के मुद्दे पर काम करती है। उन्होंने कहा कि राजनीति में व्यक्ति से बड़ा संगठन और सिद्धांत होता है। मोकामा की जनता जागरूक है और वह समझती है कि क्षेत्र का मान-सम्मान बनाए रखने तथा प्रगति सुनिश्चित करने के लिए किस तरह की नीतियां जरूरी हैं।
मोकामा में अमन-चैन और तरक्की जारी रखने का भरोसा
नीरज कुमार ने मीडिया के माध्यम से मोकामा की जनता को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में अमन-चैन और तरक्की की जो प्रक्रिया शुरू हुई है, उसे रुकने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोकामा विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ेगा और इसकी गरिमा को और ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
उन्होंने दोहराया कि मोकामा की पहचान बदलने की दिशा में किए गए प्रयासों को आगे भी जारी रखा जाएगा और क्षेत्र में विकास, सुशासन तथा कानून के राज को प्राथमिकता दी जाएगी।