पटना में राष्ट्रीय प्रेस दिवस 2025 पर भव्य कार्यक्रम
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय प्रेस दिवस–2025 के अवसर पर शनिवार को सूचना भवन, पटना के संवाद कक्ष में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें वरिष्ठ पत्रकारों, मीडिया विशेषज्ञों और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस वर्ष कार्यक्रम का थीम था— “Safeguarding Press Credibility Amidst Rising Misinformation”, जो आधुनिक समय में मीडिया के सामने बढ़ती चुनौतियों और पत्रकारिता की जिम्मेदारियों को रेखांकित करता है।
कार्यक्रम का संचालन उप निदेशक नीना झा ने किया। उन्होंने बदलती मीडिया प्रवृत्तियों, सत्य एवं निष्पक्ष पत्रकारिता और सूचना की विश्वसनीयता बनाए रखने के महत्व पर अपने विचार रखते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस दौरान उपस्थित वरिष्ठ पत्रकारों ने भी विस्तृत चर्चा में भाग लिया और बताया कि डिजिटल युग में गलत व भ्रामक सूचनाओं का प्रसार पत्रकारिता के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। उन्होंने कहा कि अध्ययन, सत्यापन, जांच, निष्पक्षता और संवेदनशीलता जैसे मूल्यों को अपनाकर ही मीडिया अपनी विश्वसनीयता कायम रख सकता है।
चर्चा में यह भी प्रमुखता से सामने आया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म ने सूचना तक पहुंच को आसान बनाया है, लेकिन इसके साथ ही पत्रकारों की जिम्मेदारी भी कई गुना बढ़ गई है। इसलिए तथ्य आधारित रिपोर्टिंग, संतुलित प्रस्तुति और सटीक सूचना साझा करना समय की प्रमुख जरूरत है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्त सचिव विदुभूषण चौधरी, संयुक्त निदेशक रविभूषण सहाय, विशेष कार्य पदाधिकारी कुमारिल सत्यनंदन, उप निदेशक लाल बाबू सिंह, उप निदेशक सुनील पाठक, सहायक निदेशक राजेश चन्द्र, सहायक निदेशक रंजीत कुमार सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों के संपादक, ब्यूरो चीफ और वरीय संवाददाता उपस्थित रहे। सभी अतिथियों और वरिष्ठ पत्रकारों ने पत्रकारिता की मर्यादा, नैतिक मूल्यों और विश्वसनीय सूचना प्रसार पर साझा रूप से चर्चा की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी पत्रकारों को सम्मानित किया गया और लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में उनके योगदान की सराहना की गई। राष्ट्रीय प्रेस दिवस का यह आयोजन मीडिया की जवाबदेही, पारदर्शिता और विश्वसनीयता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।