बाढ़ में मद्यनिषेध विभाग की महिला एसआई गुंजा कुमारी पर स्थानीय लोगों ने अभद्र व्यवहार और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई मामलों में अपने वरीय अधिकारियों के निर्देशों की भी अनदेखी करती हैं।
ताजा मामला मद्यनिषेध थाना क्षेत्र के ढीबर गांव के पास का बताया जा रहा है। आरोप है कि महिला एसआई ने साइकिल से जा रहे एक एनटीपीसी कर्मचारी पर मद्यनिषेध टीम के आने की सूचना फैलाने का आरोप लगाया। इसके बाद उनके साथ मौजूद एक सिपाही ने कथित रूप से कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि महिला एसआई मद्यनिषेध थानाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद की बात भी नहीं सुनती हैं और थाना क्षेत्र में उनका विशेष प्रभाव है। इसके कारण कई बार विभाग के अन्य अधिकारियों को भी आम लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ता है।
पहले भी हो चुके हैं कई हमले
एसआई की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे
स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला एसआई के नेतृत्व वाली टीम द्वारा कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार की घटनाओं के बाद मद्यनिषेध विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। उनका आरोप है कि पूर्व में हुए विवादों और हमलों के दौरान भी लोगों ने टीम पर अभद्र व्यवहार और मारपीट के आरोप लगाए थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद महिला एसआई की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़ित कर्मचारी ने बताया कि वह साइकिल से अपने कार्यस्थल जा रहा था। इसी दौरान मद्यनिषेध विभाग की एक गाड़ी ने उसे ओवरटेक कर आगे रोक लिया। कर्मचारी के अनुसार, टीम के सदस्यों ने उस पर आरोप लगाया कि उसने मद्यनिषेध विभाग के आने की सूचना आसपास के लोगों को दी है। इसी आरोप के आधार पर वाहन में मौजूद एक सिपाही ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद टीम थोड़ी दूर आगे बढ़ी और एक अन्य युवक को पकड़ लिया।
कर्मी का कहना है कि वह एनटीपीसी में कार्यरत है और उसका घर वहां से काफी दूर है। वह क्षेत्र के लोगों को जानता तक नहीं है। वह अपने काम के सिलसिले में एक कार्यस्थल से दूसरे कार्यस्थल जा रहा था, तभी उसके साथ यह घटना हुई।
मद्यनिषेध थानाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी जाएगी और आवश्यक जांच कराई जाएगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान महिला एसआई की बातचीत का लहजा काफी तेज था और वे मौके पर मौजूद लोगों से ऊंची आवाज में बात कर रही थीं।
महिला एसआई के बर्ताव को लेकर ग्रामीणों में गुस्सा।
महिला एसआई पर साइकिल सवार युवक के साथ मारपीट करने का आरोप।