पटना नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति के सदस्य पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया शनिवार को जिला विकास भवन, पटना समाहरणालय में संपन्न हुई। बिहार नगरपालिका (संशोधन) अधिनियम, 2026 तथा नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देशों के आलोक में यह चुनाव कराया गया। चुनाव प्रक्रिया में नगर निगम के कुल 75 में से 73 वार्ड पार्षद उपस्थित रहे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह नौ बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की समय-सीमा पूरी होने के बाद सात सदस्य पदों के लिए मतदान कराया गया। सभी उपस्थित पार्षदों ने गुप्त मतदान के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सभी निर्वाचित सदस्यों को निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। साथ ही उन्हें गोपनीयता की शपथ भी दिलाई गई। निर्वाचन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई तथा मतपत्रों को सीलबंद कर सुरक्षित रखा गया। इसके बाद पटना नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति के गठन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गई।
जानिए किस वार्ड में किन्हें कितने वोट मिले?
- सशक्त स्थायी समिति के सदस्य संख्या-01 के लिए कुमार संजीत (वार्ड-34) और पिंकी यादव (वार्ड-32) के बीच मुकाबला हुआ। इसमें कुमार संजीत को 39 वोट मिले, जबकि पिंकी यादव को 31 मत प्राप्त हुए। तीन मत अवैध पाए गए। इसी प्रकार सदस्य संख्या-02 के लिए राज कुमार गुप्ता (वार्ड-35) ने 38 मत प्राप्त कर रजनी सिन्हा (वार्ड-43) को पराजित किया।
- सदस्य संख्या-03 के लिए हुए चुनाव में श्वेता राय (वार्ड-14) ने 40 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि जीत कुमार (वार्ड-13) को 31 मत मिले। सदस्य संख्या-04 के लिए मनोज कुमार (वार्ड-67) को 40 वोट मिले, जबकि सीमा वर्मा (वार्ड-49) को 32 मत प्राप्त हुए।
- समिति के सदस्य संख्या-05 के लिए केवल एक नामांकन प्राप्त होने के कारण सुनीता देवी (वार्ड-68) को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं सदस्य संख्या-06 के लिए अनीता देवी (वार्ड-22) ने 36 मत प्राप्त कर जय प्रकाश सिंह (वार्ड-16) को एक वोट से हराया। सदस्य संख्या-07 के लिए विनोद कुमार (वार्ड-70) ने 43 मत हासिल कर मनोज मेहता (वार्ड-69) को पराजित किया।
कहां से किन्हें जीत मिली?
- कुमार संजीत (वार्ड-34)
- राज कुमार गुप्ता (वार्ड-35)
- श्वेता राय (वार्ड-14)
- मनोज कुमार (वार्ड-67)
- सुनीता देवी (वार्ड-68) – निर्विरोध
- अनीता देवी (वार्ड-22)
- विनोद कुमार (वार्ड-70)