फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खतरनाक खाना : पटना के बड़े होटलों की करतूत डरा रही; सरकारी जांच में ब्रेड से चिकन-मटन तक खराब मिले

Sat, 10 Oct 2026 07:23 AM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

पटना के पांच प्रमुख होटलों में खाद्य संरक्षा टीम के औचक निरीक्षण में स्वच्छता, भंडारण और खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी खामियां मिलीं। एक्सपायरी सामग्री नष्ट कराई गई, विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और 14 दिनों में सुधार के निर्देश दिए गए।

विज्ञापन
खाद्य सुरक्षा टीम का छापा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राज्य में आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के नमूना संग्रहण और प्रयोगशाला जांच की कार्रवाई लगातार जारी है। सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर खाद्य संरक्षा अधिकारियों की टीम ने पटना के पांच प्रमुख होटलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण, रसोई की स्वच्छता, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, पानी की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में कई अनियमितताएं पाई गईं। संबंधित होटलों को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी कर 14 दिनों के भीतर कमियों को दूर करने का निर्देश दिया गया।

खाद्य संरक्षा टीम ने मेसर्स होटल गर्गी ग्रैंड, मेसर्स पाटलिपुत्र एक्सोटिका, द पनाश होटल, होटल मौर्या और लेमन ट्री होटल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए, जबकि एक्सपायरी और अनुपयुक्त खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया।

विज्ञापन


होटल गर्गी ग्रैंड में पनीर और दाल के नमूने संग्रहित
निरीक्षण के दौरान होटल की रसोई में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे पाए गए। खाद्य सामग्री के भंडारण में एफईएफओ/एफआईएफओ प्रणाली का पालन नहीं किया जा रहा था। पानी की अंतिम जांच वर्ष 2024 में कराए जाने और कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं होने जैसी कमियां भी सामने आईं।

कार्रवाई के तहत पनीर और अरहर दाल के वैधानिक नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया की गई। अनियमितताओं को देखते हुए होटल को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया और 14 दिनों के भीतर सभी कमियों को दूर करने का निर्देश दिया गया।

पाटलिपुत्र एक्सोटिका में एक्सपायरी सामग्री नष्ट
पाटलिपुत्र एक्सोटिका की रसोई में साफ-सफाई की स्थिति असंतोषजनक पाई गई। स्टोर रूम में एफआईएफओ प्रणाली का पालन नहीं हो रहा था और खाद्य सामग्री रखने की व्यवस्था भी उचित नहीं थी। रसोई का वेंटिलेटर टूटा हुआ था, जिसके कारण वहां कबूतर की मौजूदगी मिली। इसके अलावा, बिल पर एफएसएसएआई नंबर भी अंकित नहीं था।

निरीक्षण के दौरान 6 किलोग्राम राज मिल्क, 8 किलोग्राम बेकरी मिक्स, 1.5 किलोग्राम हाइड्रो और 100 ग्राम जीरा सीप एक्सपायरी पाए गए। इन सामग्रियों को नष्ट कराया गया। होटल प्रबंधन को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी कर 14 दिनों के भीतर कमियों को दूर करने का निर्देश दिया गया।

विज्ञापन


द पनाश होटल में 10 किलो मटन-चिकन और ब्रेड नष्ट
द पनाश होटल के फ्रीजर रूम में लगभग 10 किलोग्राम मटन और चिकन पॉलीथिन में लपेटकर रखा गया था। पैकेटों पर निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि अंकित नहीं थी। इसे मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 38 के तहत जब्त कर नष्ट कराया गया।

इसके अलावा, उपयोग की अंतिम तिथि अंकित नहीं होने के कारण छह पैकेट ब्रेड भी नष्ट कराए गए। होटल में इस्तेमाल किए जा रहे पानी की टीडीएस मीटर से जांच की गई, जिसमें टीडीएस का मान 44 पाया गया। निरीक्षण प्रतिवेदन में इसे निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं माना गया। खाद्य पदार्थों से संबंधित नौ बिंदुओं पर कार्रवाई और विसंगतियों का उल्लेख किया गया। संबंधित खाद्य पदार्थों का कुल बाजार मूल्य 6,250 रुपये बताया गया। होटल को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी कर 14 दिनों के भीतर कमियों को दूर करने का निर्देश दिया गया।

पढ़ें: मुजफ्फरपुर में फर्जी जमीन म्यूटेशन का मामला: निलंबित सीओ महेंद्र शुक्ला गिरफ्तार, विधायक समेत नौ पर आरोप

होटल मौर्या में एल्युमिनियम के बर्तनों के इस्तेमाल पर रोक
साउथ गांधी मैदान स्थित होटल मौर्या की रसोई में खाद्य पदार्थ तैयार करने के लिए एल्युमिनियम के बर्तनों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई। खाद्य पदार्थों को गर्म और ठंडा रखने की प्रक्रिया से संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था। तापमान प्रबंधन में भी कमियां मिलीं। फ्रिज और कुछ डीप फ्रीजर में जंग लगा हुआ पाया गया। होटल से पनीर और सॉल्टेड बटर के नमूने संग्रहित किए गए। पनीर का नमूना जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, अगमकुआं भेजने की कार्रवाई की गई।

इसके अलावा, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता असंतोषजनक पाई गई। ड्रेनेज सिस्टम में सुधार की जरूरत थी। खाद्य और गैर-खाद्य पदार्थों को अलग-अलग नहीं रखा जा रहा था तथा डस्टबिन बिना ढक्कन के पाए गए। इन कमियों को दूर करने के लिए होटल को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी कर 14 दिनों की समयसीमा दी गई।

विज्ञापन


लेमन ट्री होटल से पनीर, चीज और सॉस के नमूने लिए
लेमन ट्री होटल के निरीक्षण के दौरान पनीर, चीज, टमाटर सॉस और लिक्विड सॉस के वैधानिक नमूने संग्रहित किए गए। इनकी गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की गई। इसके अलावा, जाली लगे ड्रेनेज को उचित तरीके से ढकने का निर्देश दिया गया।

खाद्य संरक्षा टीम ने सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, उचित भंडारण, रसोई की स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए नियमित निरीक्षण, नमूना संग्रहण और नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें