अथमलगोला थाना क्षेत्र का मामला
- फोटो : Amar Ujala
पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत अथमलगोला थाना में तैनात एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) का तौलिए में फरियादी से बातचीत करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। वायरल वीडियो में एएसआई अर्धनग्न हालत में फरियादी से दस्तावेज लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। मामले के सामने आने के बाद ग्रामीण एसपी ने संबंधित एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में अथमलगोला थाना में तैनात एएसआई अंजनी कुमार सिंह तौलिए में एक फरियादी से केस से जुड़े दस्तावेज लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उनके पास एक अन्य पुलिसकर्मी वर्दी में बैठा नजर आ रहा है। इसी दौरान एएसआई कथित तौर पर थाने में वीडियो बनाने से भी मना करते हुए दिखाई देते हैं। राजद के आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी इस वीडियो को साझा किया गया है, जिसके बाद इसे लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं।
एएसआई ने दी सफाई
एएसआई अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि वह शौचालय की ओर जा रहे थे। उसी दौरान नालंदा से आए कुछ लोग, जिनकी चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद हुई थी, उन्हें नाम लेकर खोज रहे थे। उन्होंने बताया कि लोगों को अधिक देर तक इंतजार न कराना पड़े, इसलिए उसी स्थिति में उन्होंने उनसे एफआईआर की प्रति, वाहन के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज और आधार कार्ड लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और फिर शौचालय चले गए। एएसआई का कहना है कि इसी दौरान थाने में मौजूद एक महिला शिक्षिका ने उनका वीडियो बना लिया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। उन्होंने दावा किया कि उनका उद्देश्य केवल फरियादी का काम बिना देरी के करना था।
ये भी पढ़ें-
चारा घोटाला केस में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने पर लालू प्रसाद ने क्या कहा? जानिए पूरा मामला
एसपी ने किया निलंबित
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एएसआई अंजनी कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले में विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।